बुजुर्ग महिला से निकाह करने को लेकर कर्मपुर चौधरी गांव में मारपीट हो गई, जिसमें दो महिलाओं समेत चार लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने दोनों तरफ से तहरीर लेकर घायलों का मेडिकल कराया है। पुलिस ने अभी तक मामले में कोई ठोक कार्रवाई नहीं की है।
कर्मपुर चौधरी गांव की बेवा मुनीशा के घर एक गरीब बुजुर्ग महिला रहती है। मंगलवार की सुबह पड़ोसी नन्हें की पत्नी अमरकिया ने मुनीशा के सामने बुजुर्ग महिला से अपने पिता का निकाह कराने का प्रस्ताव रख दिया। मुनीशा ने निकाह की बात का विरोध किया तो अमरकिया भड़क गईं। दोनों में मारपीट होने लगी।
मुनीशा का आरोप है कि अमरकिया अपनी बेटियों के साथ उसके घर में घुस आई और उसके साथ मारपीट करने लगी। पड़ोसन भूरी ने इसका विरोध करते हुए बीच बचाव किया तो उसकी भी अमरकिया ने पिटाई लगा दी। मारपीट में अमरकिया के हाथ में भी चोट लगी है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला संभाला। एसएसआई आरके सक्सेना ने बताया कि दोनों तरफ से तहरीर लेकर एनसीआर दर्ज की जा रही है। दोनों को मेडिकल के लिए भेजा है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई होगी।