प्यार करने वालों के लिए 14 फरवरी वेलेंटाइन का दिन ‘मंगल ही मंगल’ रहा। न किसी का विरोध दिखा और न ही कोई रोक टोक थी, जिनको सात जन्मों के रिश्ते में बंधना था उनके लिए भी शुभ मुहूर्त रहा। आम दिनों की अपेक्षा आज 30 फीसदी ज्यादा लोग फिल्में देखने पहुंचे। हालांकि कपल्स की भीड़ सबसे अधिक मल्टीप्लेक्स में रही।
दोस्तों और परिवार के साथ वेलेंटाइन डे को एंज्वाय करने वाले भी खूब दिखे। एक बाइक पर राइड करने के बाद दोस्तों के साथ मॉल में चहल कदमी करने वालाें की भी भीड़ थी। कुछ रेस्त्रां में सीट के लिए लोगाें को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। पिज्जा हट, डॉमिनोज और अन्य फूड रेस्त्रां में भी लोग पहुंचे। फिनीक्स मॉल में सुबह 11 बजे के बाद अच्छी भीड़ दिखी। स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी होने के चलते लोग यहां पहुंचे। यहां एसआरएस मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने वालों की संख्या में 30 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई। फायदा जॉली एलएलबी2 को मिली। मल्टीप्लेक्स के प्रबंधक संदीप ने बताया कि 60 से 70 फीसदी शो की बुकिंग हुई है। फैमिली के साथ भी लोगाें ने एंज्वाय किया। कैंट के पार्कों में युवा कपल घूमते दिखे।
फूल और छोटे टैडी खूब बिके
वेलेंटाइन डे पर छोटे टैडी और फूलों की डिमांड ज्यादा रही। बटलर प्लाजा, नावल्टी, डीडीपुरम्, राजेंद्रनगर में फूलों के लिए लोगों ने 50 से लेकर 150 रुपए तक चुकाए। गुलाब का एक फूल जहां आम दिनों में 20 से 40 में बिकता है वहीं मंगलवार को यह 50 से ऊपर चढ़ा रहा। गुलाब के अलावा रजनीगंधा के फूलाें की भी मांग रही। वहीं कार्ड और टैडी भी खरीदे गए।
खूब हुईं शादी, हमेशा के लिए बन गए वेलेंटाइन
वेलेंटाइन डे पर शादी करने वालों की ख्वाहिश कई लोगाें की रहती है, यह यादगार दिन रहता है। आचार्य मुकेश मिश्रा ने बताया कि हस्त नक्षत्र होने के चलते यह सबसे शुभ दिन माना जा रहा है। इससे अच्छा योग इस दिन आगे मिलेगा कि नहीं यह संभावना कम ही प्रतीत होती है। आचार्य ने बताया कि उनके यहां खुद करीब 15 निमंत्रण आएं हैं, जो सिर्फ 14 फरवरी के हैं।