थोक दवा कारोबार में हो रही गड़बड़ियों की शिकायतें मिलने पर गुरुवार दोपहर अचानक सिटी मजिट्रेट यूपी सिंह छापा टीम लेकर शास्त्री बाजार पहुंचे। साप्ताहिक अवकाश होने से ज्यादातर दुकानें नहीं खुली थीं। सिंह ने टीम से एसी औषधि गुलशन सेतिया आदि के साथ चावला ब्रदर्स प्रतिष्ठान में चेकिंग कराई। एंटीबायोटिक दवा बायोडोक्सी का सैंपल लिया। एचएस ट्रेडर्स और एसएच फार्मा पहुंची टीम ने एल्पाजोलान नाम से एक्सपायरी औषधि कब्जे में ली, साथ ही बड़ी तादाद में फ्री दिए जाने वाले सैंपल भी बरामद कर लिए। टीम ने इसके अलावा सेट्रिमाइड नहाने का साबुन और एमोक्सिसिलिन एंटीबायोटिक कैप्सूल के नमूने लिए।
बताया जाता है कि एंटीबायोटिक एमोक्सिसिलिन दवा का ग्रामीण क्षेत्रोें में ज्यादा खपत होती है। इसका इस्तेमाल कुशल चिकित्सक के निर्देशन में ही किया जाता है। एचएस ट्रेडर्स और एचएस फार्मा से दवाओं के बिल और स्टाक रजिस्टर आदि अभिलेख तलब किए, लेकिन दुकानदार उपलब्ध नहीं कर पाए, इस पर इन दोनों का लाइसेंस निलंबित कर दिया। अवकाश दिन दवा बाजार में छापामारी से कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा और फोन पर एक दूसरे से जानकारी लेते रहे। क्योंकि विस्तृत छापा के लिए जल्द कार्यक्रम बनेगा।