समाजवादी पार्टी का झंडा लगाकर इनोवा से मांस की तस्करी करने वाले तीन युवकों को बभिया चौकी इंचार्ज ने अपनी टीम की मदद से पकड़ लिया। कार में दस कुंतल मांस बरामद हुआ है। मांस को पुलिस ने गड्ढा खोदकर दफन करा दिया है। बरामद हुआ मांस हरदोई के मोहम्मदी से अमरोहा जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों को जेल भिजवाकर कार को सीज कर दिया है।
शुक्रवार को सुबह करीब छह बजे कैंट पुलिस को सूचना मिली कि सपा का झंडा लगी इनोवा कार से मांस अमरोहा जा रहा है। यह मांस लखीमपुर जिले के मोहम्मदी कस्बे के पास एक बाग से लादा गया है। वहां पशुओं का कटान होता है। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज बभिया उम्मेद सिंह अपनी टीम के साथ बुखारा रोड पर पहुंच गए। लाल फाटक से जैसे ही पुलिस टीम को इनोवा कार आती हुई दिखाई दी, पुलिस ने उसे घेरकर रोक लिया। पुलिस को देखते ही उसमें सवार पशु तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तीनों को दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए तस्करों में दो अमरोहा के थाना डिडौली के पायंती कला गांव के वसीम कुरैशी पुत्र जहीर कुरैशी और शाहनवाज कुरैशी पुत्र हाजी कल्लू कुरैशी हैं। तीसरा जिला मुरादाबाद के थाना और कस्बा पाकबड़ा के कैलसा रोड ज्यारत वाली मस्जिद के पास का रहने वाला नाजिर अंसारी पुत्र मोहम्मद असलम है। कैंट के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखकर जेल भिजवा दिया है। कार से मालिक का नाम इफ्तेखार बताया जा रहा है। वह भी पाकबड़ा का ही रहने वाला है। उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।