यूपी में पशु तस्करों तक पशुओं को पहुंचाने के लिए फर्जी गोशालाएं चल रही हैं। अकेले अमरोहा जिले में ही चार ऐसी गोशालाएं हैं। दो संभल में फर्जी गोशालाओं के नाम सामने आए हैं। इन गोशालाओं का धरातल पर कुछ नहीं है। कागजी खानापूरी का खेल करके गोशाला चलाने वाले लाखों का खेल कर रहे हैं। यही हाल और भी तमाम जिलों का है। पशुओं की गाड़ी पकड़े जाते ही थाने में फर्जी गोशाला चलाने वाले लोगों का फोन आने लगता है। पुलिस से सुपुर्दगी में पशु मिलने के बाद वह पशुओं को वधशाला पहुंचा देते हैं। बरेली पुलिस इन दिनों पीलीभीत की एक गोशाला पर मेहरबान है। डीआईजी ने पशुओं को सत्यापन कराने के लिए पीलीभीत की गोशाला का नाम भी शामिल किया है। बृहस्पतिवार को रेंज से सभी जिलों को पत्र लिखकर डीआईजी ने बरेली रेंज में पकड़े गए 2201 पशुओं का चारों जिलों की पुलिस से हिसाब मांगा है।
इस तरह से होता है खेल
-फर्जी गोशाला चलाने वालों ने अपने पैड छपवा रखे हैं। इनके हर जिले में अपने गुर्गे हैं। पशु पकड़े जाने की सूचना मिलते ही उन्हें सूचना मिल जाती है। इसके बाद वह थाने में उनका फोन आना शुरू हो जाता है। पुलिस से साठगांठ करके ये लोग पशुओं को ले जाते हैं। इसके बाद कुछ कागजी खाना पूरी होने पर बरामद होने वाले पशु तस्करों के पास ही पहुंच जाते हैं।
पशु चिकित्सों में भी है गहरी पैठ
-फर्जी गोशाला चलाने वालों की पशु चिकित्सकों में भी गहरी पैठ है। वह फंसने से बचने के लिए पशुओं को मृत दर्शाकर चिकित्सकों से उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार करा लेते हैं। शिकायतें मिलने पर आईजी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। अब पशुओं की बरामदगी होने पर पुलिस को वीडियोग्राफी करानी होगी।
नए तरीके अपना रहे हैं तस्कर
लग्जरी कारों में पशुओं को नशा देकर इस तरह से लाद दिया जाता है। पशुओं की हालत देखकर उनके दर्द को महसूस किया जा सकता है। उन्हें सांस तक लेने की जगह नहीं होती है। बड़े बाईपास, मीरगंज, फतेहगंज पूर्वी, में लग्जरी कारों में पशु पकड़े गए। कारों से नंबर के आधार पर उनके मालिकों के नाम पता कराने के बाद उन पर भी कार्रवाई की जा रही है।
नोट- एक जनवरी से 15 मई 2016 तक पशु तस्करों के खिलाफ हुई कार्रवाई, बरामद पशु और वाहन की संख्या।
जिला कुल मुकदमे अज्ञात में नामजद अभियुक्त प्रकाश में आए नाम निकले कुल अभियुक्त
बरेली 87 04 173 05 00 178
बदायूं 57 13 97 05 01 86
पीलीभीत 75 20 141 14 14 141
शाहजहांपुर 55 16 82 10 00 92
-------------------------------------------------------------------------
कुल योग 247 53 493 34 15 512
-------------------------------------------------------------------------
जिला पशुओं की संख्या वाहनों की संख्या
बरेली 636 40
बदायूं 348 18
पीलीभीत 368 28
शाहजहांपुर 849 34
------------------------------------------
कुल योग 2201 120
------------------------------------------
-गौशालाओं की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। पशु तस्करों के वाहनों से बरामद पशुओं का पता नहीं चलता है कहां चले जाते हैं। कुछ गौशालाएं फर्जी भी बताई जा रही हैं। इसलिए उन्होंने बरामद पशुओं का सत्यापन कराने के निर्देश जारी किए हैं। आगे से पशु जिस गौशाला को सौंपे जाएंगे उनकी वीडियोग्राफी होगी- आशुतोष कुमार, डीआईजी