फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑनर किलिंग! छात्रा रहस्यमय ढंग से गायब, हत्या का शक 

Mon, 16 Apr 2018 06:57 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,बरेली
विज्ञापन
up police - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शाही के एक गांव में 15 साल की छात्रा के ऑनर किलिंग का शिकार होने की पुलिस जांच कर रही है। दरअसल छात्रा के प्यार का राज खुलने के बाद नौ अप्रैल को उसके साथ मारपीट की गई थी। देर रात हालत बिगड़ने के बाद पड़ोसी गांव के डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने नाजुक हालत देखकर शहर ले जाने की सुझाव दिया, लेकिन छात्रा की मौत हो गई। परिवार ने रात में ही पास के जंगल में लाश को जला दिया। इसके बाद छात्रा का परिवार गांव के लोगों ने लड़की की तबीयत खराब होने और बाहर उसका इलाज कराने की बात कहकर गुमराह करता रहा। किसी ने एसपी देहात सतीश कुमार को ऑनर किलिंग की सूचना दी तो उन्होंने थाने की टीम को भेजकर छानबीन कराई। तब छह दिन पहले लड़की की मौत होने और लाश को जल्दबाजी में जलाने की बात सामने आई। रविवार दोपहर उन्होंने खुद गांव पहुंचकर छानबीन की।
विज्ञापन

 छात्रा गांव के निजी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। नौ अप्रैल को ही उसने स्कूल के वार्षिकोत्सव में नृत्य-अभिनय के कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था और पुरस्कार भी बटोरे थे। शाम को बड़े भाई संग स्कूल से घर लौटी थी। बताते हैं कि गांव के ही मोबाइल टावर के चौकीदार के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। यह बात पता लगने पर उसके पिता और भाई ने उसको डांटा था। मगर किशोरी उसी लड़के से शादी करने की जिद पर अड़ गई थी। इस पर उसकी पिटाई भी की गई थी। मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी ने कीटनाशक पी लिया। परिवार वाले लड़की को सहोड़ा के एक वैद्य के पास ले गए, लेकिन हालत बेहद नाजुक होने पर उन्होंने इलाज से इंकार करते हुए बरेली ले जाने की सलाह दी थी। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में छात्रा की मौत हो गई। पुलिस कार्रवाई के डर से उन्होंने रात में ही लड़की की लाश को ठिकाने लगा दिया।

जहर खाया या खिलाया, जांच शुरू 
पुलिस इस बयान की जांच करने के लिए डॉक्टर तक पहुंची। डॉक्टर ने बताया उस रात लाई गई छात्रा की हालत नाजुक थी। लक्षण थे कि जहरीले पदार्थ से उसकी हालत बिगड़ी लेकिन यह तस्दीक नहीं कर पाए कि उसने खुद जहर खाया या उसे दिया गया। एसपी देहात के मुताबिक इसकी जांच कराई जा रही है कि अगर मौत जहर से हुई तो उसे जहर दिया गया या उसने खुद खाया। 
विज्ञापन


दबाव बना तो कहा दिल का दौरा पड़ा है 
एसपी देहात के निर्देश पर इंस्पेक्टर हरिशंकर वर्मा रविवार सुबह मृतका के गांव पहुंचे, लेकिन घर पर उसकी मां को छोड़कर पूरा परिवार घर से नदारद था। पहले तो मृतका की मां पुलिस को टहलाती रही लेकिन ज्यादा दबाव बनाने पर कबूल किया कि बेटी की मौत के बाद लाश को जलाया था। बाद में मृतका की मां ने खुद को सदमे में बताकर दिल का दौरा पड़ने का नाटक किया। उसकी हालत बिगड़ते देख पुलिस ने सरकारी अस्पताल भिजवा दिया। 

पहले कहा मरघट पर जलाई, फिर बताया जंगल में 
मां के मुताबिक गांव के मरघट पर लाश जलाई, लेकिन पुलिस ने पता किया तो उस रात वहां लाश नहीं जलाई गई। बाद में सामने आया कि जंगल में लाश पुआल के सहारे जलाई थी। लाश के पूरी तरह से नहीं जलने के बाद उसके हिस्सों को जंगल में फेंक दिया गया। पुलिस ने घंटों लाश के हिस्सों को तलाशा, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुलिस मान रही है कि हो सकता है कि कोई जानवर इन हिस्सों को खा चुके हो। वहीं गेहूं के खेतों में पानी भरे होने से पुलिस वहां भी सुराग नहीं जुटा सकी। 

टॉवर का चौकीदार हिरासत में
पुलिस ने लड़की के प्रेमी को पकड़कर थाने में बैठाया गया है। अब बाकी परिवार को तलाशा जा रहा है। यह भी सामने आया कि करीब ढाई साल पहले इसी लड़की से छेड़छाड़ में दुनका के मुस्लिम बिरादरी के लड़के पर एफआईआर दर्ज हुई थी। उसे जेल भी जाना पड़ा था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में सुलह हो गई थी।

लाश जला देने से सबूत जुटाने में मुश्किल आ रही है। जंगल में लाश के हिस्से ढूंढे जा रहे हैं। उसके प्रेमी को थाने में बैठाकर पूछताछ की जा रही है। ऑनर किलिंग की आशंका है। परिवार ने छह दिन तक गुमराह तो किया है। क्यों किया, इसकी जांच चल रही है। - सतीश कुमार, एसपी देहात 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें