फतेहगंज पश्चिमी में बवाल के बाद बुधवार की शाम को बाजार में रौनक लौट आई थी, लेकिन बृहस्पतिवार को दिन भर हुई बरसात की वजह से बाजार में फिर सन्नाटा छाया रहा। वहीं नामजद व्यापारी नेताओं ने पुलिस की खौफ की वजह से अपनी दुकानें नहीं खोलीं हैं।
बृहस्पतिवार को व्यापार मंडल के फतेहगंज पश्चिमी के नगर अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, महामंत्री शिमला रस्तोगी ने पुलिस के खौफ की वजह से अपनी दुकानें नहीं खोली हैं। आशीष की कूपन रिचार्ज करने की शॉप है। जबकि शिमला रस्तोगी की ज्वैलर्स की दुकान है। इनके अलावा व्यापारी प्रभु गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य एवं ज्वैलर्स राजीव गुप्ता और किराना स्टोर चलाने वाले राजेश अग्रवाल की दुकान दसवें दिन भी नहीं खुली है। यह तीनों व्यापारी भी बवाल करने के आरोप में नामजद हैं। दिनभर बरसात होने की वजह से बाजार में ग्राहक नहीं पहुंचे। बाजार खुला रहा, लेकिन रौनक नहीं थी। थानाध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया कि एक-दो दुकानदारों को छोड़कर सभी ने दुकानें खोल लीं हैं, लेकिन एहतियातन कस्बे में पुलिस बल तैनात है। आला अधिकारियों के आदेश पर खुराफात करने वालों के खिलाफ वारंट लेने की तैयारी की जा रही है।