प्रदेश की योगी सरकार के अवैध बूचड़खानों की बंदी कराने के बाद ऑल इंडिया जमीयतुल कुरैश ने बड़ी घोषणा की है। जमीयतुल कुरैश के प्रदेश उपाध्यक्ष एंव मारिया फ्रोजन एग्रो फूड प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन हाजी शकील कुरैशी ने कहा है कि दूसरे धर्म की आस्था को ठेस पहुंचाना हमारा मकसद नहीं होना चाहिए। सरकार भी मांसाहारियों की विरोधी नहीं है। गोकशी अवैध है तो ऐसा नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने खुद कहा कि हमें किसी का स्वाद खराब करने का अधिकार नहीं है। वैध मांस को भी दूसरे प्रोडक्ट की तरह वैध तरीके से बेचा जाए। इसके बाद भी किसी ने गोकशी करने की कोशिश की तो कुरैशी समाज उसका हुक्का पानी बंद करेगा। ऐसे लोगों के समाज कोई वास्ता नहीं रखेगा। उनका पूरी तरह से बायकाट करके बेटी-बेटा से शादियां भी नहीं की जाएंगी।
बुधवार को एक बयान में उन्होंने कहा कि अवैध बूचड़खानों से ले जाकर मांस बेचने वाले कुरैशी समाज के लोगों को अच्छी नजरों से नहीं देखा जाता है। घृणा उनकी पहचान बन गई है। आने वाली नस्लों की खातिर वैध काम करें और अच्छे कदम उठाएं। अपने पैतृक कारोबार को बचाने के लिए मांस की दुकानों के बाकायदा लाइसेंस बनवाकर शोरूम खोलें। लाइसेंस बनवाने में कोई दिक्कत आएगी तो जमीतुल कुरैश समाज के लोगों की मदद करेगी। साफ-सफाई और सम्मान के साथ मांस का कारोबार करें। इसी से समाज में कुरैशी समाज के लोगों का सम्मान बढ़ेगा।