जीआईसी के छात्र समेत दो लड़के अलग-अलग स्थानों से लापता हो गए। उनके साथ किसी अनहोनी को लेकर घरवाले परेशान हैं। इसकी सूचना सुभाषनगर थाने और कोतवाली में दे दी गई है।
यूपी बोर्ड कार्यालय कर्मचारी लल्लन सिंह सुभाषनगर इलाके के मढ़ीनाथ मोहल्ले में रहते हैं। लल्लन सिंह के घर रहकर उनके साढ़ू सुनील सिंह का 14 वर्षीय बेटा अभिजीत सिंह राजकीय इंटर कॉलेज में नवीं कक्षा में पढ़ता है। लल्लन सिंह ने बताया कि अभिजीत की कक्षा दोपहर 12 से शाम पांच बजे तक लगती है। रोज की तरह शनिवार दोपहर 11.30 बजे अभिजीत ने अपनी साइकिल बोर्ड आफिसर परिसर में खड़ी की और वहां से पैदल स्कूल चला गया। देर शाम तक वह न तो अपनी साइकिल उठाने गया और न ही घर पहुंचा। इंतजार करने के बाद रात करीब आठ बजे घर वालों ने अभिजीत की तलाश शुरू कर दी। उन्होंने क्लास टीचर से पूछा तो पता चला कि अभिजीत स्कूल पहुंचा था, लेकिन उपस्थिति दर्ज कराने के बाद जरूरी काम बताकर स्कूल से चला गया। अभिजीत के पास मोबाइल भी नहीं है। उसकी तलाश में घर वाले इधर-उधर भटक रहे हैं, लेकिन रविवार देर शाम तक अभिजीत का कुछ पता नहीं चल सका। रविवार को उसके लापता होने की सूचना सुभाषनगर थाने में दे दी गई।
कैंट इलाके के खजुरिया सैदपुर निवासी मुख्तार का 18 वर्षीय बेटा आरिफ शहर में चौपुला चौराहे के पास मोटर मैकेनिक अनीस की दुकान पर काम करता था। अनीस के मुताबिक शनिवार अपराह्न 2.30 बजे आरिफ शौच जाने की कहकर दुकान से गया था, जिसके बाद से नहीं लौटा। करीब घंटे भर इंतजार करने के उसे अनीस ने फोन किया तो आरिफ का मोबाइल दुकान में रखा निकला। तब उन्होंने इसकी सूचना आरिफ के परिवार वालों को दी। तभी से दुकान वाले और परिवारीजन इधर-उधर भटक रहे हैं, लेकिन रविवार देर शाम तक आरिफ का कुछ पता नहीं चल सका।