गांव मोहनपुर में एक व्यक्ति ने गांव के ही एक किसान के खेत में लगे पेड़ से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस को शव के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव मोहनपुर निवासी रमेश कुमार (47 वर्षीय ) गांव चिंडालिया के बस स्टैंड पर नाई की दुकान का कार्य करता था। रमेश कुमार मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे से दुकान से लापता था। लेकिन बुधवार सुबह गांव के लोगों ने बताया कि किसान बलबीर के खेत में पेड़ से फंदा लगाकर उसने आत्महत्या कर ली है। इसकी सूचना तुरंत गांव के सरपंच के द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतार कर स्थानीय नागरिक अस्पताल पहुंचाया। सुसाइड नोट में रमेश कुमार ने अपने गांव की ही एक महिला और पुरुष पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।