पेट्रोल पंपों पर गड़बड़ी के खिलाफ शासन के रुख के बाद जिले में बृहस्पतिवार को चार टीमों ने 26 पंपों को अचानक चेक किया। जिलाधिकारी डा. पिंकी जोवेल ने शहर में छापे की खुद कमान संभाल ली। उन्होंने दो पेट्रोल पंपों पर एक्सपर्ट की टीम के साथ अचानक छापा मार दिया। इस दौरान प्रभा टाकीज के सामने इंडियन ऑयल कंपनी के पंप की एक नॉजिल में घटतौली पकड़ी गई। चौकी चौराहे पर चर्च के सामने वाले पैराडाइज पंप पर चिप से घटतौली का संदेह होने पर टीम ने मशीन के अंदर लगे बोर्ड को कब्जे में लेकर जांच के लिए भिजवा दिया। जांच पूरी होने तक दोनों पंपों की तीन नॉजिलों को बंद करा दिया है। देहात में 24 पेट्रोल पंपों की जांच हुई। इसमें शाही में एस्सार के पंप पर में चिप के साक्ष्य मिलने पर उसे सील कर दिया। बाकी तीन पंपों पर घटतौली पकडे़ जाने पर उनकी नोेेेजिलें सील कर दी गईं। अचानक कार्रवाई से पेट्रोल पंप मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है।
बृहस्पतिवार की शाम पौने चार बजे डीएम, एडीएम(प्रशासन) एसपी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज, एसपी सिटी रोहित सिंह सचवान, जिला पूर्ति अधिकारी को लेकर आईओसी के कोको पंप पर पहुंच गईं। उनके साथ एक्सपर्ट की टीम और एसटीएफ की बरेली इकाई के प्रभारी अजय यादव भी थे। डीएम ने अपनी निगरानी में बारीकी से पंप की सभी नोजिलों की जांच कराई। इनमें से नॉजिल से प्रति लीटर 25 एमएल तेल ग्राहकों को कम मिल रहा था। डीएम ने घटतौली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आईओसी की एक नोजिल बंद करा दी। साथ ही पंप चलवाने की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों को जमकर हड़काया। वहां से डीएम टीम को लेकर चौकी चौराहे स्थित चर्च के सामने पैराडाइज पंप पर पहुंच गईं। यहां डीएम ने करीब पौन घंटा खड़ी रहकर अपने सामने पंप की एक मशीन को इंजीनियर से खुलवाकर देखा। एक मशीन के अंदर से इंजीनियर बोर्ड निकाला। बोर्ड पर चिपचिपाहट होने की वजह से चिप लगी का होने का संदेश है। इसलिए संदेश के आधार पर टीम ने उस बोर्ड को कब्जे में लेकर जांच के लिए भिजवा दिया। इसके बाद वह एडीएम और डीएसओ की अगुवाई में टीम को पंप पर ही दूसरी मशीन को खुलवाने को छोड़ आईं। डीएम ने बताया कि फिलहाल दोनों पंपों की तीन नोजिलों को बंद करा दिया है। जांच होने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई होगी।
पहले भी बदनाम हो चुका है आईओसी का पंप
-बदायूं रोड पर देवचरा के स्नेह कोल्ड स्टोरेज में नेफ्था से नकली पैट्रोल बनवाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए शाहजहांपुर के निगोही वीरेंद्र कुमार ने कई खुलासे किए थे। वीरेंद्र कोल्ड स्टोरेज के मालिक केके गुप्ता का पार्टनर था। पुलिस को उसने बताया था कि उनके नकली तेल की सप्लाई आईओसी के पंप को भी जाती थी। कई बार उसने सप्लाई खुद भिजवाई है। उस समय आईओसी के अफसरों ने पंप के अधिकारियों को बचा दिया था। पुलिस भी आईओसी पर मेहरबान हो गई थी, इसलिए किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पाई थी।
-नियमानुसार घटतौली पकड़े जाने पर दस हजार रुपये जुर्माना वसूलने के बाद री-स्केलिबेशन होने के बाद फिर से नोजिल चलाई जा सकती है। चेकिंग के दौरान जिस पंप पर घटतौली पकड़ी जाएगी। वहां जुर्माना वसूलने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी-गौरव जयसवाल, सेल्स आफीसर, आईओसी
मीरंगजछापे में दो पेट्रोल पंपों का
शासन के आदेश पर अधिकारियों की टीम ने गुरुवार शाम दुनका के दो और शीशगढ़ के एक पेट्रोल पंप पर छापा मारा। शीशगढ़ के पेट्रोल पंप पर भारी अनियमितताएं पकड़ में आने पर उसे सीज कर दिया गया है। वहीं, घटतौली मिलने पर दुनका के दोनों पेट्रोल पंपों का चालान काटा गया है। एसीएम चतुर्थ काली शंकर सिंह की अगुवाई में पूर्ति निरीक्षक युगल चंद और बांट-माप निरीक्षक की संयुक्त टीम ने गुरुवार को करीब साढ़े तीन बजे सिंह फिलिंग स्टेशन आनंदपुर पर छापा मारा। पेट्रोल पंप की मशीन से पांच लीटर के नपना में नापने पर पेट्रोल 50 एमएल और डीजल 60 एमएल कम निकला। घटतौली की पुष्टि होने पर पेट्रोल पंप का चालान काट दिया गया। बाद में टीम किसान सेवा केंद्र दुनका पहुंची। यहां 5 लीटर के नपना से नापने पर पेट्रोल 25 एमएल और डीजल 30 एमएल कम निकला। इस पेट्रोल पंप का भी चालान काटा गया है। शीशगढ़ के एसआर पेट्रोल पंप पर टीम को भारी गड़बड़ियां पकड़ीं। इस पंप को सीज कर दिया गया है। एसीएम ने बताया कि बृहस्पतिवार को कुल 12 पंपों की चेकिंग की गई। लाला कन्नूमल एंड संस शीशगढ़ पर दो यूनिटों में चिप के साक्ष्य मिले। उसे सील कर दिया गया। त्यागी किसान सेवा केंद्र, कुरतरा, फतेहगंज पूर्वी की चेकिंग के दौरान टीम को एक यूनिट में पांच लीटर में 50 एमएल कम तेल मिला। इस पर यूनिट को सीज कर दिया। शाही किसान सेवा केंद्र की दो यूनिटों में 40 और 50 एमएल तेल मिल रहा था। उसकी दोनों यूनिटों को सील कर दिया गया।
बहेड़ी में भी पंप पर मिली घटतौली
बहेड़ी में सात पंपों को एसडीएम प्रमिल कुमार की अगुवाई में टीम ने अचानक चेक किया। इस दौरान नैनीताल रोड पर बहेड़ी में एचएस बिंद्रा पंप पर पांच लीटर में 20 एमएल तेल कम दिया जा रहा था। टीम ने नोजिल को सील तो नहीं किया, लेकिन उसने फिर से यूनिट में फीडिंग कराने को कहा है। उधर, फरीदपुर में एसीएम द्वितीय राजेश कुमार की अगुवाई में टीम ने पांच पंपों को चेक किया, लेकिन किसी पंप में घटतौली नहीं मिली।