फतेहगंज पूर्वी। हाईवे पर पंचर करके वाहन लूटने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी का ट्रक, लूट की कुछ रकम और तमंचे बरामद किए गए। इनमें चार लुटेरे अमरोहा जिले के हैं, पुलिस ने इन्हें जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर दरोगा राजेश कौशिक, श्यामल सिंह बुधवार रात दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर गश्त कर रहे थे। पुलिस टीम ने रात के अंतिम पहर करीब तीन बजे द्वारिकेश शुगर मिल बाकरगंज के पास ट्रक संख्या एच आर 55 एफ 9149 को खड़ा देखा। संदेह के आधार पर जब पुलिस जब ट्रक के करीब पहुंची तो ड्राइवर इसे स्टार्ट करके भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल ही ट्रक को कब्जे में ले लिया। इसमें बैठे पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले आई।
पकडे़ बदमाशों में चार अमरोहा के डिडौली थाना अंतर्गत गांव जोया के निवासी अयूब पुत्र यासीन, जावेद पुत्र यासीन, मोहम्द वसी पुत्र नव्वी तथा साजिद पुत्र कमरू निकले तो पांचवां बदमाश शाहजहांपुर के तिलहर निवासी हनीफ पुत्र शफीक था। पुलिस ने इनके पास से दो हजार रुपये बरामद किए जो किसी वारदात में लूटे गए थे। कुछ तमंचे और कारतूस भी मिले। इनके ट्रक पर पड़ी नंबर प्लेट की डजांच कराई गई तो वह फर्जी निकली। ट्रक के अंत में दर्ज चार डिजिट गलत थी और सही नंबर 7149 था। यह ट्रक भी चोरी का बताया गया, पुलिस इसके बारे में जानकारी जुटा रही है। एसओ के मुताबिक बदमाशों ने स्वीकार किया कि वह रात में हाईवे पर निकलते थे और रोड पर छुरे, कील आदि गाढ़कर ट्रकों का टायर पंचर कर देते थे। बाद में हथियारों के बल पर ड्राइवरों और मुसाफिरों को लूट लेते थे। पुलिस ने गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर पांचों लुटेरों को जेल भेज दिया।