हत्या कमरे में करने के बाद आईजेक की योजना लाश ठिकाने लगाने की थी। शराब ज्यादा पीने की वजह से आईजेक ऐसा कर नहीं सका। लिाश को घसीटकर बरामदे तक लाया गया। कमरे से बरामदे तक खून के घसीटे जाने के निशान लाश को ठिकाने लगाने की कोशिश को बयां कर रहे थे। पुलिस ने लॉन से एक खून से सनी चादर बरामद की। जिसमें लाश को बांधने और जमीन पर फैला खून पोंछने का प्रयास हुआ था। पुलिस के अनुसार आईजेक ने शराब पी रखी थी। इसलिए तमाम के बाद भी वह लाश को ठिकाने नहीं लगा सके। यही वजह है कि अशोक की एक चप्पल घर के अंदर मिली, जबकि दूसरी बरामदें में मिली।
हत्या के वक्त अशोक ने काफी संघर्ष किया था। कमरे का पूरा सामान बिखरा हुआ था। कोतवाल कमलकांत के अनुसार आईजेक ने अशोक को खड़ी अवस्था में दबोचकर पहला वार किया था। दरवाजा पर करीब चार फीट ऊपर पुलिस को खून के धब्बे मिले हैं। शर्ट के ऊपर के दो बटन टूटे मिले, साफ है कि आईजेक और अशोक के बीच संघर्ष हुआ था। आईजेक और अशोक के सिर पर चोट थी।
फांसी लगाकर की थी खुदकशी की कोशिश
आईजेेक शराब का आदी था। एक निजी अस्पताल में गार्ड, एक व्यवसायी के साथ दुकान पर भी काम कर चुका है। कुछ समय एक जिम पर भी काम किया। लेकिन शराब की वजह से उसे नौकरी से निकाल दिया गया। पड़ोसियों ने बताया कि दो महीने पहले उसने घर में फांसी लगाकर खुदकशी की कोशिश की थी। वह पूरे दिन घर में ही रहकर जासूसी नावेल पढ़ता था। पचपन पर्ते, कातिल कौन सरीखे ढेरों नॉवेल उसके घर में मिले हैं।
डाइनिंग टेबल पर शराब पार्टी
पड़ोसियों ने बताया कि अशोक अक्सर आईजेक के घर में रहता था। रात में रूकता था। दोनों साथ में शराब पीते थे। शराब पीकर झगड़े होते थे। जिसकी आवाजें उनके घरों तक भी आती थी। जब पुलिस पहुंची तो लॉबी में लगी डाइनिंग टेबल पर दो ग्लास, शराब की बोतल, कोल्ड ड्रिंक की बोतल और एक बीड़ी का बंडल मिला। पड़ोसियों के अनुसार आईजेक सिगरेट पीता था, बीड़ी रिक्शाचालक की मानी जा रही है। आंगन में शराब की दर्जनों बोतलें पुलिस को मिली हैं। इस व्यवस्था को देखकर पुलिस सभी पहलु की जांच में जुटी है। पुलिस ने आईजेक का मोबाइल और दो पेन ड्राइव को जब्त किया है। घर के ऊपर मौसी के बेटे और बहू रहते थे, लेकिन नीचे उतरकर कोई नहीं आया।
एक को मारा है अभी 20 की हत्या करूंगा
कोतवाली में आईजेक ने जमकर हंगामा किया। सिपाहियों को भी गाली दे रहा था। गुस्से में भड़के आईजेक ने एक सिपाही के हाथ से लाठी लेकर खुद को मारना शुरू कर दिया। वह कह रहा था कि अभी एक को मारा है, अगर मौसी के लिये अपशब्द कहे तो 20 और को मार दूंगा।