डीआरएम निरीक्षण के अगले दिन ही बिलपुर रेलवे स्टेशन के पास हादसा हो गया। पूर्वी केबिन के पास जैतीपुर रेलवे क्रासिंग संख्या 344 सी पर बुधवार सुबह करीब तीन बजे डाउन लाइन की पटरी तेज आवाज के साथ टूट गई। केबिन मैन ने मुरादाबाद रेल कंट्रोल को सूचना दी तो अफसरों में हड़कंप मच गया। जम्मूतवी से वाराणसी जा रही बेगमपुरा सुपरफास्ट ट्रेन बिलपुर स्टेशन पर रोक दी गई। पीडब्ल्यूआई ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर टूटी पटरी क्लेंप लगाकर टाइट की, लेकिन रेलवे फाटक पर गुजरने वाले वाहनों के दबाव के कारण टूटी दोनों पटरियों का गैप बढ़ गया। इससे ट्रेनों को काशन देकर 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से निकाला जा रहा है।
रेल पथ निरीक्षक (पीडब्ल्यूआई) धर्मनाथ ने बताया कि काफी कोशिश करने के बावजूद बुधवार देर शाम तक टूटी ठीक नहीं की जा सकी। किलोमीटर संख्या 1269 के पोल नंबर 22/ 24 की समूची पटरी बदली जाएगी, जिसके लिए बृहस्पतिवार को ब्लाक लेना होगा। इस दौरान रेलवे क्रासिंग पर होकर रेल यातायात भी बंद रखना होगा। पटरी ठीक करने के दौरान दून एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, चंडीगढ़ एक्सप्रेस, कामख्या एक्सप्रेस को रेलवे स्टेशनों पर रोकना पड़ा। मंगलवार को मुरादाबाद रेल मंडल के डीआरएम प्रमोद कुमार ने सीतापुर से बरेली तक रेल ट्रैक और स्टेशनों का निरीक्षण किया था। 14 नवंबर को उत्तर रेलवे के जीएम एके पुटिया रेल ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। इसे लेकर रेलवे अफसर खासे परेशान हैं।