ट्रक, डीसीएम और लग्जरी गाड़ियों में गाय, बैल और बछड़ों की तस्करी जारी है। बड़ा बाईपास पर लग्जरी गाड़ियों में पशु पकड़े जा रहे हैं, वहीं रामगंगा पुल से आगे अखा मोड़ के पास बुधवार को पशुओं से भरा ट्रक ग्रामीणों ने पकड़ा। ट्रक खराब होकर मोड़ पर खड़ा था। ग्रामीणों ने देखा तो उसमें सवार तस्कर दस टायरा ट्रक छोड़कर फरार हो गए। ये ट्रक दातागंज की ओर से बरेली की ओर जा रहा था। ट्रक में बड़ी संख्या में गाय बैल और बछड़े भरे थे।
बरेली-बदायूं रोड से आगे अखा मोड़ पर बुधवार की सुबह करीब 7.30 बजे दस टायरा ट्रक खराब होकर खड़ा हो गया। अचानक ग्रामीणों की नजर ट्रक के पीछे पड़ी तो उसमें गाय, बैल और बछड़े भरे थे। इसकी सूचना किसी ने रामगंगा पुलिस चौकी पर दी। रामगंगा पुलिस चौकी ने विशारतगंज थाने को फोन पर ट्रक के बारे में बताया। तब तक तस्कर ट्रक छोड़कर फरार हो चुके थे। एसआई कल्यान सिंह चौहान, शिशु पाल सिपाही बादाम सिंह एवं दंगल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रतिबंधित पशुओं से भरे ट्रक को किसी तरह थाने लाई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रक से पशुओं को बाहर निकाला। ट्रक के अंदर गाय बैल और बछड़े भरे गए थे। भीषण गर्मी में 28 पशु दम घुटने से मर चुके थे जबकि 21 पशु जिंदा निकले। इनमें भी अधिकांश मरणासन हालत में है। मझगवां के पशु चिकित्साधिकारी आरसी यादव को बुलाकर घायल पशुओं का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस अभी जिंदा पशुओं को सुपुर्दगी में देने का इंतजाम नहीं कर पाई है।
पुलिस को ट्रक में प्रतिबंधित पशुओं ले जाने की सूचना मिली थी। जब तक टीम मौके पर पहुंची, तब तक पशु तस्कर ट्रक छोड़कर भाग गए थे। एआरटीओ दफ्तर से ट्रक के मालिक के बारे में पता लगाया जा रहा है। अज्ञात तस्करों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
-विजय प्रताप सिंह, एसओ विशारतगंज थाना