गुपचुप तीन शादियां कर बीवी को कह दिया तलाक
- फोटो : गुपचुप तीन शादियां कर बीवी को कह दिया तलाक
तीन तलाक पर छिड़ी बहस के बीच नए-नए मामले रोज सामने आ रहे हैं। नया मामला इज्जतर नगर का सामने आया है। रविवार को एसपी सिटी के पास पहुंची महिला का आरोप है कि उसके ससुरालियों ने दहेज के लिए प्रताड़ित किया और दवा खिलाकर उसका गर्भपात भी करा दिया। यही नहीं शौहर ने छिपकर तीन शादियां कर लीं और उसे मुंह जबानी ही तीन बार तलाक कह दिया। मजबूरन वह अपने पिता के घर गुजर बसर कर रही है।
इज्जतनगर इलाके के रहपुरा चौधरी निवासी एक महिला रविवार को एसपी सिटी के आफिस पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई। महिला का कहना है कि उसकी शादी गांव के ही असलम पुत्र शहाबुद्दीन के साथ 16 नवंबर 2011 को हुई थी। असलम इस समय ट्रांस यमुना वाली कॉलोनी फेस सेकेंड जी 540 थाना ऐल्माददौला आगरा में रह रहा है। शादी में दिए गए दहेज से असलम के परिवार वाले संतुष्ट नहीं हुए और इसको लेकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। मारपीट कर उसको ताने दिए जाने लगे। पति बाइक, सास मैहरूल निशा सोने के झुमके, ससुर शहाबुद्दीन हाथ की घड़ी, जेठानी बबली पैरों की पायल, ननद सोने के कुंडल मांगते थे। तीन जुलाई 2016 को सभी ने मायके से 50 हजार रुपये लाने का दबाव बनाया। जब उसने पिता की गरीबी का वास्ता देकर इतनी रकम मायके से लाने में असमर्थता जताई तो सभी नाराज हो गए और उसे लात घूंसों से पीटा। उसके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। महिला का कहना है कि शोर मचाने पर पड़ोस की नाजरीन और तारा बेगम ने उसे बचाया। तब से वह अपनी पांच साल की बेटी के साथ मायके में ही रह हरी है। आरोप है कि ससुराल वालों ने घर से निकालने के एक साल पहले उसे दवा खिलाई, जिससे उसका गर्भपात हो गया। आरोप है कि ससुराल वाले बेटी पैदा होने से नाखुश थे और पुत्र चाहते थे। इसी को लेकर असलम ने छिपकर तीन शादियां कर लीं और उसे मुंह जुबानी तीन तलाक कह दिया। एसपी सिटी आफिस में महिला की शिकायत दर्ज कर जांच के लिए संबंधित थाने को भेज दिया गया है।