पूर्वी दिल्ली के ज्योतिनगर इलाके की उजाला पंप एंड सीलिंग फैन कंपनी का कश्मीर और लखनऊ जाने वाला 19 लाख रुपये का माल बरेली में घपलेबाजी करके बेच दिया गया। कंपनी के जनरल मैनेजर राकेश मट्टू के पकड़े जाने के बाद यह मामला खुल है। दिल्ली पुलिस को माल खरीदने वाले बरेली के व्यापारी का नाम भी मिल गया है। व्यापारी जिस तीसरे व्यक्ति से माल खरीदने की बात कह रहे हैं, उसकी तलाश में दिल्ली पुलिस ने कई स्थानों पर छापामारी की लेकिन कोई नतीजा ही नहीं निकल पाया।
द्वारिका इलाके के रहने वाले उजाला कंपनी के जीएम राकेश मट्टू को साथ लेकर ज्योतिनगर थाने के एएसआई इल्ला खान ने बरेली में कैंप कर लिया है। एएसआई ने बताया कि उजाला कंपनी सीलिंग फैन और पंप की सप्लाई करती है। 13 जनवरी को कंपनी ने आरआर जम्मू इंटरप्राइजेज और 28 जनवरी को बेस्ट एजेंसी, लखनऊ के लिए करीब 19 लाख रुपये का माल भेजा था लेकिन वहां माल पहुंचा ही नहीं। भेजे गए माल में 17 सौ सीलिंग फैन और डेढ़ सौ पंप थे। जिन कारोबारियों को माल भेजा गया था, वहां से फोन आने के बाद छानबीन शुरू हुई। जिन वाहनों से माल भेजा गया, उनमें से एक के ड्राइवर को कंपनी के मालिक ध्रुव गुप्ता और उनके पिता दिनेश गुप्ता निवासी प्रीत बिहार ने पकड़कर पूछताछ शुरू की तो पता चला कि उनके जीएम ने ही घपला किया है। दिनेश गुप्ता ने 20 फरवरी को मुकदमा दर्ज कराने के बाद जीएम राकेश मट्टू को पकड़वा दिया। कोतवाली पुलिस की मदद से दिल्ली की टीम ने किसी तरह माल खरीदने वाले व्यापारी को ट्रेस कर लिया। मॉडल टाउन में उस व्यापारी का शोरूम है, जहां माल बेचा गया है, लेकिन उसकी पैरवी में शहर के तमाम व्यापारी नेता कोतवाली पहुंच गए। व्यापारी नेताओं का कहना था कि उनके साथी ने मोहम्मद तौफीक खान से माल खरीदा है। दिल्ली पुलिस तौफीक की तलाश में नकटिया पहुंची तो मालूम हुआ कि वह एक साल पहले यहां किराए पर रहता था। उसके बाद कहां गया कोई नहीं जानता है। दिल्ली पुलिस के एएसआई ने बताया कि कोतवाली पुलिस उनकी मदद करने की बजाय यह कहकर डरा रही हैै कि व्यापारी इसका विरोध करना शुरू कर देंगे। अब जल्द ही व्यापारी के खिलाफ वारंट जारी कराकर गिरफ्तार करेंगे।