खंडसारी मंदिर के सामने खड़ी सर्राफ की स्कूटी को मास्टर चाबी से स्टार्ट कर उचक्का चुरा ले गया। स्कूटी की डिग्गी में पांच लाख रुपये भी रखे थे। उचक्के की तस्वीर मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के रामपुर गार्डन निवासी क्षितिज कुमार अग्रवाल की आलमगिरीगंज में सर्राफा की दुकान है। वह शाम को दुकान बंद करने के बाद पास में ही स्थित खंडसारी नाथ मंदिर में दर्शन करने जाते हैं। बुधवार रात साढ़े आठ बजे भी वह दुकान बंद करने के बाद मंदिर गए थे। मंदिर के बाहर गेट पर उन्होंने अपनी स्कूटी खड़ी कर दी। डिग्गी में पांच लाख रुपये और दुकान की चाबी रखी थी। इसी दौरान एक उचक्का आया और मास्टर चाबी से स्कूटी स्टार्ट की और लेकर फुर्र हो गया। मंदिर से दर्शन कर लौटे सर्राफ के स्कूटी गायब देख होश उड़ गए। उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की। पता चला कि मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखा कि हुड वाली जाकेट पहने एक उचक्का मुंह पर मफलर बांधकर आया और स्कूटी स्टार्ट कर भाग गया। उसका चेहरा साफ नहीं आ पाया है। आलमगिरीगंज में सर्राफा मार्केट में लगे सीसीटीवी फुटेज में भी यह उचक्का स्कूटी ले जाते दिखा है। पुलिस का मानना है कि मामले में किसी करीबी का हाथ है। उचक्के को पता था कि सर्राफ रात में घर जाते समय स्कूटी में पैसे रख कर ले जाते थे।