माडल टाउन के इलेक्ट्रीकल गुड्स कारोबारी ने फनसिटी के पास सड़क किनारे अपनी कार में आत्महत्या कर ली। कनपटी से पिस्टल सटाकर मारी गई गोली सिर के आरपार हो गई थी। घरवालों ने कार का शीशा तोड़कर शव कार से बाहर निकाला और एक निजी अस्पताल ले गए लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घरवालों का कहना है कि वह डिप्रेशन में थे। हालांकि आत्महत्या की वजह पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है।
माडल टाउन 35-बी 5 निवासी विशेष साहनी सिकलापुर चौराहा स्थित साहनी होम एप्लाइंस इलेक्ट्रिकल फर्म के मालिक थे। शनिवार करीब चार बजे उन्होंने फन सिटी के पास अपनी मारुति अर्टिगा कार को अंदर से लाक किया और देसी पिस्टल कनपटी की दाहिनी तरफ सटाकर गोली मार ली। उनका शरीर ड्राइविंग सीट पर ही झूल गया। स्थानीय लोगों ने फायर की आवाज सुनी तो कार के पास भीड़ लग गई। इनमें से किसी ने विशेष को पहचाना और उनके छोटे भाई हिमांशु को फोन किया। विशेष को खोजते हुए इसी दिशा में आ रहे हिमांशु और उनके दोस्त कार तक पहुंच गए। उन्होंने कार का शीशा तोड़कर लाक खोला औरलहूलुहान विशेष को उसी कार से लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टर ने कार में ही नब्ज टटोलकर विशेष को मृत घोषित कर दिया। यहां से घर लाया गया। मौके पर व्यापारियों का हुजूम लगा गया था।
व्यापारी के सुसाइड की सूचना पर सीओ असित श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ कारोबारी के घर पहुंचे। इस बीच परिचितों की खासी भीड़ लग चुकी थी। हिमांशु ने बताया कि परिवार या कारोबार में किसी तरह की समस्या नहीं थी। भाई करीब दो महीने से डिप्रेशन में थे। ऐसा क्यों था? यह भी किसी को नहीं बताते थे। शनिवार सुबह घर से अनमने से निकले थे। थोड़ी देर बाद उन लोगों ने काल की तो रिसीव नहीं किया । लगातार चार घंटे तक कोई काल रिसीव नहीं हुई तो उन्होंने आइडिया में कार्यरत अपने एक रिश्तेदार के जरिये इनकी लोकेशन निकलवाई जो फनसिटी के पास मिली। वहीं खोजने निकले थे कि फोन पर भाई के सुसाइड की सूचना मिल गई। शव पर विलाप कर रही पत्नी सोनिया ने किसी विवाद से इंकार किया। पुलिस ने कार के साथ ही 32 एमएम का पिस्टल और विशेष का मोबाइल कब्जे में ले लिया।