जयमाला के समय दुल्हन पर कमेंट करने पर बारात में बवाल हो गया। दुल्हन पक्ष और बारातियों में जमकर मारपीट हुई। जिससे भगदड़ मच गई। पुलिस ने मारपीट के आरोप में भाजपा नेत्री के पुत्र, दुल्हन के भाई समेत चार युवकों को पकड़कर हवालात में डाल दिया।
कोतवाली इलाके के बिहारीपुर निवासी कपड़ा विक्रेता जितेंद्र का बुधवार रात ज्वाला प्रसाद धर्मशाला में शादी समारोह का आयोजन था। तिलहर (शाहजहांपुर) के रहने वाले लड़की पक्ष के लोग दुल्हन को लेकर धर्मशाला में आए थे। जितेंद्र भी बारात लेकर धर्मशाला में पहुंचा। आधी रात को जयमाला का कार्यक्रम हो रहा था। जितेंद्र दुल्हन का हाथ पकड़े था, तभी उसके पक्ष के एक व्यक्ति ने उससे दुल्हन का कसकर हाथ पकड़ने की बात कहते हुए कमेंट कर दिया। ये कमेंट दुल्हन पक्ष को नागवार गुजरा। ऐतराज करने पर बात बढ़ गई और मारपीट होने लगी। लात घूंसों के साथ बेल्टें चलने लगीं। मारपीट से भगदड़ मच गई। पुलिस दुल्हन के भाई बंटी के अलावा बारात में शामिल होने आए सनी, सुनील और भाजपा नेत्री संतोष कश्यप के पुत्र गौरव को पकड़कर कोतवाली ले लाई। सभी को हवालात में डाल दिया गया। समझौते की बात को दरकिनार कर कोतवाल ने चारों का शांतिभंग करने के आरोप में चालान करने की बात कही। भाजपा नेत्री का कहना था कि उसके बेटे गौरव ने तो बीच बचाव किया, फिर भी पुलिस उसे पकड़ लाई। गौरव का बृहस्पतिवार को बीबीए का पेपर है, फिर भी पुलिस ने उसे नहीं छोड़ा। जिससे उसका कैरियर दांव पर लग गया।