कुतुबखाना मस्जिद पर किस मसलक का इमाम रहेगा, इस मसलेे पर बरेेलवी और देवबंदी मसलकों के नुमाइंदों की मौजूदगी में डीएम से हुई वार्ता में कोई हल नहीं निकाल पाया। बैठक के दौरान डीएम गौरव दयाल ने दोनों पक्षों से कहा कि वे अपनी-अपनी बात के समर्थन में जरूरी कागजात बृहस्पतिवार शाम तक उन्हें सौंप दें। इन कागजों की जांच के लिए कमेटी बनाई जा रही है, जिसे तीन दिन का समय दिया गया है। विवाद हल होने तक मस्जिद में ताला लगा रहेगा और बाहर पुलिस का पहरा बना रहेगा। इलाके में फोर्स भी मौजूद रहेगी। किसी भी मसलक के लोगों को मस्जिद में नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं दी गई है।
मस्जिद के इमाम मौलाना इम्तियाज हुसैन के कुकर्म में जेल जाने के बाद नए इमाम फैसल तहसीनी की नियुक्ति को लेकर मंगलवार को कुतुबखाना में बरेलवी और देवबंदी मसलक के लोगों में करीब साढ़े चार घंटे उपद्रव हुआ था। यहां से लोगों को निकालने के बाद शाम को ही पुलिस ने मस्जिद में ताला लगवा दिया था। बुधवार को बैठक में देवबंदी और बरेलवी मसलक के लोगों ने अपने-अपने तर्क रखे। कुछ बिंदुओं पर देवबंदियों के सवालों के जवाब दूसरा पक्ष नहीं दे पाया। बैठक में संपत्तियों पर कब्जे की बात भी उठी। डीएम ने दोनों पक्षों से बृहस्पतिवार की शाम तक अपने-अपने कागज एडीएम (प्रशासन) के पास जमा करने को कहा। साथ ही एडीएम (प्रशासन) की अगुवाई में एक कमेटी बनाकर तीन दिन में पूरे मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं। डीएम ने दोनों पक्षों को बताया कि जांच पूरी होने तक मस्जिद में पुलिस का ताला लगा रहेगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई होगी। इस बीच किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टीजर---------संबंधित-----