बरेली कॉलेज की लॉ स्टूडेंट को अगवा कर ले जाने के आरोपी छात्रनेता धूपेंद्र जायसवाल के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। छात्रनेता का दोस्त दो दिन से पुलिस की हिरासत में है। अभी तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो पाया है और न ही छात्रा बरामद हो पाई है।
बारादरी इलाके के संजयनगर निवासी एक व्यक्ति की बेटी बरेली कॉलेज में लॉ की स्टूडेंट है। इस व्यक्ति का कहना है कि 16 मई को सुबह उनकी बेटी अपने भाई के साथ अनसोल्ड पेपर लेने के लिए बाजार जा रही थी। आरोप है कि तभी ईंट पजाया चौराहे पर पीछे से आई कार में सवार छात्रनेता धूपेंद्र जायसवाल आदि उनकी बेटी को अगवा कर ले गए। उनके बेटे ने विरोध किया तो पीछे से दो बाइक से आए चार लोगों उसकी पिटाई कर दी और छात्रा का अगवा कर ले गए। आरोप है कि कार धूपेंद्र का पिता अजय जायसवाल चला रहा था। रविवार को इस मामले की तहरीर बारादरी थाने में दी गई थी। सोमवार को पुलिस ने धूपेंद्र, उसके पिता अजय जायसवाल के अलावा रॉबिन और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ छात्रा को अगवा करने के आरोप की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं पुलिस दो दिन से धूपेंद्र के नकटिया निवासी दोस्त को थाने में बैठाए हुए है, जो नकटिया के एक व्यापारी का बेटा है। अपने बेटे को छुड़ाने के लिए व्यापारी समेत कई लोग सोमवार रात बारादरी थाने पहुंचे और उसे बेकसूर बताते हुए छोड़ने की मांग की। इंस्पेक्टर मुहम्मद कासिम ने बताया कि आरोपी की लोकेशन इलाहाबाद में मिली थी। जिसे पकड़ने के लिए टीम भेजी गई, लेकिन वह नहीं मिल पाया।
00
सात के खिलाफ किशोरी को अगवा करने की रिपोर्ट
बारादरी इलाके की एक महिला ने प्रदीप पुत्र तेजराम आदि सात लोगों पर अपनी नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर अगवा करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सोमवार को सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।