एलपीजी गैस की अवैध किटें लगाकर चलाई जा रही स्कूली वैन तो चलता-फिरता बम है। बीसलपुर रोड़ पर स्थित ओम पब्लिक स्कूल के बाहर शुक्रवार दोपहर एलपीजी गैस भरते समय एक वैन में आग लग गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। बच्चे दहशत में आ गए। उन्हें स्कूल की तीसरी मंजिल में भेजा गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई। आग बुझाने में दो लोग झुलस गए।
बीसलपुर रोड पर स्थित ओम पब्लिक स्कूल के बाहर करीब एक बजे स्कूल से बच्चों को ले जाने के लिए वैन यूपी 25 एएच 3327 खड़ी थी। स्कूल की छुट्टी होने वाली थी। ड्राइवर और हेल्पर वैन में एलपीजी गैस भर रहे थे। अचानक गैस रिसाव से आग लग गई। पहले गद्दी ने आग पकड़ी फिर पूरी वैन में लपटें उठना शुरू हो गई। इस दौरान वहां अफरातफरी मच गई। बच्चे स्कूल कैंपस में भागने लगे। स्कूल प्रबंधन ने उन्हें तीसरी मंजिल में पहुंचाया। कुछ लोग पानी और मिट्टी से आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे मगर कामयाबी नहीं मिली तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग बुझाने में सत्यवीर और ऋषिपाल झुलस भी गए। पुलिस भी पहुंच गई।