बुधवार को दिनदहाड़े लाल रंग की पल्सर बाइक पर सवार बदमाशों ने रेता-बजरी कारोबारी से पांच लाख 70 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना की सूचना पर एसपी सिटी ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। वाहनों की चेकिंग भी कराई गई, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
थाना सीबीगंज के खना गौटिया निवासी साहिबे आलम बिधौलिया में रेता-बजरी का कारोबार करते हैं। आलम पर रेता-बजरी का थोक का कारोबार करने वाले सुभाषनगर के विक्की छावड़ा और अमरजीत सिंह के साढ़े पांच लाख रुपये उधार थे। मंगलवार को विक्की तगादा करने के लिए आए थे। बुधवार को सुबह करीब ग्यारह बजे साहिबे आलम बाइक से उधारी के रुपये देने जा रहे थे। आलम के मुताबिक 5 लाख 70 हजार रुपये बाइक की डिग्गी में रखे थे। 30 हजार रुपये उसकी जेब में थे। बंडिया गांव के पास नहर किनारे पीछे से लाल रंग की बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। उनमें से एक ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगाकर डिग्गी से रुपये निकाल लिए और बाइक पर बैठकर पीछे की तरफ ही भाग गए।
पीड़ित के सूचना देने पर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। बाद में एसपी सिटी राजीव मल्होत्रा ने घटना स्थल का मुआयना करके पीड़ित कारोबारी से बात की। वाहनों की चेकिंग कराई गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पाया। एसपी सिटी ने बताया कि लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साहिबे आलम की बातों के मुताबिक तो लुटेरे आसपास के ही हैं। जल्द ही घटना का खुलासा हो जाएगा।
लूट पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं
पुलिस के मुताबिक 2011 में साहिबे आलम भी डकैती के प्रयास के जेल जा चुके हैं। इसके अलावा दफा 25 में उनका एक बार चालान हुआ है। घटना को पुलिस इसलिए भी संदिग्ध मान रही है। सवाल यह भी है कि खान गौटिया के बंडिया-मथुरापुर होकर शहर आने का रास्ता शार्ट है तो उन्होंने नहर का रास्ता क्यों चुना है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से छानबीन करने में लगी है।