पत्नी के अवैध संबंधों में रोड़ा बनने पर जनवरी 2009 में अपहरण के बाद हत्या कर गड्ढे में दबाए गए शव के कंकाल को बारादरी पुलिस ने मंगलवार को खुदाई कराकर बरामद कर लिया। उसका बुधवार को पोस्टमार्टम होगा। मृतक की मां ने कोट, स्वेटर और जूते मोजे से कंकाल की शिनाख्त अपने बेटे के रूप में की। कंकाल की शिनाख्त की पुष्टि के लिए पुलिस डीएनए टेस्ट भी कराएगी।
भमोरा इलाके के गांव सिंघा निवासी 38 वर्षीय राज कुमार शहर में निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था। वह अपने परिवार समेत बरेली शहर के बारादरी इलाके मालियो की पुलिया के पास रहता था। इसी दौरान उसकी पत्नी गुड़िया के संबंध फरीदपुर के गांव महामदपुर निवासी ज्ञान प्रकाश से हो गए थे। जिसका पता लगने पर राज कुमार ने ऐतराज किया। तभी उसे रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रच ली गई और जनवरी 2009 में मालियो की पुलिया के पास से उसका अपहरण कर हत्या करने के बाद शव भमोरा के गांव प्रेमराजपुर के जंगल में नहर किनारे खेत में गड्ढे में दबा दिया था। मां कुसुमा देवी की ओर से फरीदपुर पुलिस ने 15 फरवरी 2015 को अदालत के आदेश पर शून्य क्राइम नंबर पर राज कुमार का अपहरण कर हत्या करने के आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना बारादरी थाने को ट्रांसफर की। पुलिस ने छानबीन की तो राज कुमार की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पता चला कि मुख्य आरोपी ज्ञान प्रकाश ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। इसके बाद पुलिस ने राज का पर्दाफाश करते हुए पिछले दिनों राज कुमार की पत्नी गुड़िया और एक अन्य आरोपी सतीश को गिरफ्तार किया, जिन्होंने अवैध संबंधों में रोड़ा बनने पर राज कुमार की हत्या कर शव प्रेमजराजपुर के जंगल में गड्ढे में दबाने की बात स्वीकार की। इसी दौरान हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी शंकर ने अदालत में आत्मसर्पण कर दिया। बारादरी पुलिस ने शंकर को रिमांड पर लेकर मंगलवार को उसकी निशानदेही पर गांव प्रेमराजपुर के जंगल में गड्ढे में दबाया गए शव का खुदवा कर कंकाल बरामद कर पोस्टमार्टम को भेजा। राज कुमार का कंकाल कपड़ों में लिपटा था। उसका सिर धड़ से अलग था। मां कुसमा ने बताया राज कुमार कोट पिता का पहने था और स्वेटर, पैंट, जूता मोजा सभी उसी के थे, जिससे उन्होंने कंकाल की पहचान अपने बेटे के रूप में की। कागज देरी से आने पर उसका पोस्टमार्टम नहीं हो सका, अब बुधवार को कंकाल का पोस्टमार्टम होगा। शव बरामद करने वाले बारादरी थाने के दरोगा ओमवीर ने बताया कि भले ही घरवाले और आरोपी कंकाल राज कुमार का बता रहे हैं, लेकिन उसकी शिनाख्त की पुष्टि के लिए डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा। साथ ही दरोगा ने बताया कि इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी टीकाराम की भी तलाश की जा रही है।