आईवीआरआई में आपरेशन के बाद गाय की ठीक से देखरेख न करने वाला उसका मालिक डॉक्टर और गाय का इलाज कराने वाली महिला से ही भिड़ गया। उसने रौब गांठते हुए दोनों से अभद्र व्यवहार किया। महिला ने केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को पूरे मामले से अवगत करा दिया। उनके हस्तक्षेप पर पुलिस ने गाय मालिक को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पीलीभीत रोड स्थित पवन विहार निवासी लक्ष्मण की गाय का सप्ताह भर पहले आईवीआरआई में रूमैनोटॉमी का ऑपरेशन हुआ था। उसके पेट से पन्नी, प्लास्टिक, कीलों आदि का गुच्छा निकला था। गाय आईवीआरआई के अस्पताल में ही भर्ती है। गाय स्वामी उसे देखने एकाध बार ही पहुंचा। इसके चलते उसे दवाइयां और चारा ठीक से नहीं मिल पा रहा था। महानगर निवासी शालिनी अग्रवाल अरोड़ा ने गाय का उपचार कराने की जिम्मेदारी ली। बृहस्पतिवार को गाय का मालिक भी अस्पताल पहुंच गया। गाय की उपेक्षा के लिए उसे लताड़ा गया तो वह शालिनी और डॉ. अभिजीत पावडे़ से अभद्रता करने लगा। उसका कहना था कि गाय उसकी है, वह जो चाहें करे। इलाज कराए या न कराए। शालिनी ने उस पर पशु क्रूरता का आरोप लगाते केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी से शिकायत कर दी। इस पर पुलिस ने आईवीआरआई पहुंचकर लक्ष्मण को हिरासत में ले लिया।
00
महिला नेत्री पर धमकी देने का आरोप
शालिनी अग्रवाल अरोड़ा को गाय मालिक का नाम पता नहीं था, इसलिए उन्होंने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बाद में पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछा तो उसने अपना नाम लक्ष्मण बताया। शालिनी का कहना है कि आरोपी की तरफदारी करने वाली एक कथित महिला नेत्री ने उन्हें रिपोर्ट लिखाने पर फोन पर धमकी भी दी।
वर्जन
आईवीआरआई पहुंचकर पता लगाया जाएगा कि आरोपी वास्तव में पशु क्रूरता कर रहा था या नहीं। इसके बाद ही आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।
- नरेश कुमार, एसएसआई, इज्जतनगर।