अभिनेता अर्जुन पासवान पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाने वाली कैंट की युवती के फटे हुए पकड़े पुलिस ने शुक्रवार को सील कर दिए। इसके बाद पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद युवती को बयान के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।
ग्रुप फिल्म्स प्रोडक्शन रिसर्च टाइटिल से फिल्म बनाने जा रहा है। इस फिल्म के मुख्य कलाकार अभिनेता शक्ति कपूर आदि एक मई को शूटिंग के लिए बरेली आ रहे हैं। इससे पहले ही हीरो अर्जुन पासवान और कैंट इलाके की युवती में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। अर्जुन का आरोप है कि युवती को हीरोइन का रोल देने नहीं मिला तो युवती के बहनोई ने उसके साथ घर में घुसकर मारपीट की। उनके बाल काट दिए और दो मोबाइल भी छीन लिए गए। 31 मार्च को इस मामले की रिपोर्ट अमित आदि के खिलाफ प्रेमनगर में दर्ज कराई गई। इसके बाद युवती ने अर्जुन पर रेप के प्रयास का आरोप लगाते हुए दो अप्रैल की रात थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने कपड़े भी फाड़ने का आरोप लगाया। एसएसआई नरेश कुमार ने बताया कि कई बार फोन पर कहने के बाद युवती ने अपने फटे कपड़े पुलिस को सौंपे। पुलिस ने कपड़े सील कर दिए हैं। उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद युवती को अदालत में बयान दर्ज कराने के लिए पेश किया जाएगा।
00
एसएसपी से मिलेंगे रुहेलखंड के कलाकार
बरेली। अभिनेता अर्जुन पासवान पर लगे रेप के प्रयास के आरोप की निंदा करते हुए रुहेलखंड के कलाकारों और समाजसेवियों ने एसएसपी से मिलने का निर्णय लिया है। कलाकार और समाजसेवी शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे एसएसपी से मिलेंगे और अभिनेता पर दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराने को उन्हें ज्ञापन सौंपेंगे।
00
मुकदमे में समझौते के दबाव को लगाया आरोप
अभिनेता अर्जुन पासवान का कहना है कि युवती तीस मार्च को उन पर रेप के प्रयास का आरोप लगा रही है। फिर उसने दो अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज क्यों कराई। अगर उसके साथ घटना हुई तो उसी दिन उसे रिपोर्ट करानी चाहिए थी। अर्जुन का कहना है कि युवती के बहनोई के खिलाफ 31 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद एक अप्रैल को उनके पिता पर समझौता के लिए दबाव बनाया गया। आरोप है कि समझौता न करने पर उनके पिता से कहा गया था कि अर्जुन को गंभीर आरोप में फंसा दिया जाएगा। अर्जुन का कहना है कि युवती ने बहनोई पर दर्ज मुकदमे में समझौता कराने को ही उन पर झूठा आरोप लगाया है।