यहां भाजपा नेत्री ममता गंगवार ने शुक्रवार को बीच सड़क पर अपने ही संगठन के शाही नगर मंडल अध्यक्ष रजनीश गंगवार की चप्पलों से जमकर पिटाई की। बचने के लिए पार्टी नेता भागकर पड़ोस की दुकान में शरण ली तो मामला शांत हुआ। पिटे नेता ने सपाइयों के साथ फतेहगंज पश्चिमी थाने जाकर तहरीर दी तो दूसरी ओर नेत्री ने फैक्स भेजकर एसएसपी से शिकायत की और मोबाइल पर भाजपा जिलाध्यक्ष से मंडल अध्यक्ष को हटाने की मांग की है। पुलिस ने देर शाम तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
पार्टी सूत्रोें ने बताया कि दोनों में पहले से ही मनमुटाव जारी है। गत बुधवार को मीरगंज में भाजपा के धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा जिला मंत्री ममता शामिल थीं जबकि रजनीश गंगवार धरना स्थल से अलग तहसील परिसर में दूर बैठे रहे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कुछ लोगों ने इस पर रजनीश से टिप्पणी कि नेत्री के डर से दूर बैठे हैं तो वह बिफर गए और काफी देर तक अभद्र भाषा का प्रयोग कर टिप्पणियां करते रहे। किसी ने इसकी वीडियो बनकर नेत्री को दे दी तो नेत्री का पारा हाई हो गया। शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे ममता गंगवार दवा लेने के लिए घर से निकलीं तभी रास्ते में लोधी नगर चौराहे पर रजनीश गंगवार खड़े दिख गए। वहीं शुरुआती कहासुनी के बाद नेत्री ने चप्पल निकाले और नेता पर बरसाना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह नेत्री को शांत कराकर वापस घर भेजा। एसएसपी को भेजे फैक्स में उन्होंने रजनीश पर गाली गलौज और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। हालांकि देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
1. पूरे प्रकरण पर एकपक्षीय शिकायत ही मिली है। दूसरे पक्ष और स्थानीय कार्यकर्ताओं से वास्तविकता जानने के बाद ही आगे की कार्यवाही सांगठनिक स्तर पर तय होगी। -- राजकुमार शर्मा, जिलाध्यक्ष, भाजपा।
2. लगाया गया आरोप सरासर झूठा है। ममता मुंहफट हैं और सबको एक ही डंडे से हांकना चाहती हैं। दूसरों के बहकावे में आकर मुझे सरेआम पीटकर अपमानित किया है। इस मुद्दे को उचित मंच पर जरूर उठाऊंगा। -- रजनीश गंगवार, भाजपा के शाही नगर मंडल अध्यक्ष।
3. मेरी गैरमौजूदगी में अपशब्दों का प्रयोग किया गया, जो सरासर गलत है। आज मिलने पर मैंने पूछा तो बिफर पड़े और सपा के दो नेताओं को बुलाकर दुबारा मेरे साथ अभद्रता करने की कोशिश की। इसकी शिकायत जिलाध्यक्ष और पार्टी हाईकमान से कर दी है। -- ममता गंगवार, भाजपा जिला महिला मोर्चा की मंत्री।