वह चेक जमा करने बैंक में गई थीं। खास बात यह थी कि बैंक के बाहर खड़े दो सिक्योरिटी गार्ड को इसकी भनक नहीं लगी।
प्रेमनगर इलाके के धर्मकांटा के पास रहने वाले आरसी अग्रवाल अशोक फोम फर्म में काम करते हैं। उनकी बेटी वर्तिका अग्रवाल दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में मैनेजर हैं। वर्तिका बुधवार दोपहर करीब एक बजे जंक्शन रोड पर डीएम आवास के सामने स्थित कोटक महेंद्रा बैंक में चेक जमा करने गई थीं। उन्होंने अपनी कार बैंक के सामने खड़ी कर दी। लौटने पर ड्राइवर सीट वाली खिड़की का शीशा टूटा मिला। पीछे रखा बैग भी गायब था। कार के पीछे खड़े ऑटो और आगे की कार में बैठे बच्चों से भी उन्होंने जानकारी की मगर वे कुछ नहीं बता पाए। वर्तिका ने बताया कि सामने दो सुरक्षा गार्ड भी थे मगर उन्होंने भी चोरों की जानकारी होने से इन्कार कर दिया। वर्तिका ने बताया कि बैग में पांच हजार रुपये, पेन कार्ड, वोटर कार्ड, डेबिड और क्रेडिट कार्ड के अलावा जरूरी कागजात भी थे।
मगर खुलासा किसी का नहीं
हाई सिक्योरिटी जोन में कार का शीशा तोड़े जाने की लगातार हो रही घटनाओं का पुलिस खुलासा नहीं कर पा रही है। इस कारण उच्चकों के हौसले बुलंद हैं। पिछले दिनों कमिश्नर और आईजी आफिस के बीच स्थित बैंक के सामने से कैंट विधायक राजेश अग्रवाल के बेटे की कार का शीशा तोड़कर उचक्के लाखों रुपये उड़ा ले गए थे। पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन की कार का शीशा तोड़कर भी उसमें रखा बैग उड़ा लिया गया था। हाल ही में शहर कोतवाली से चंद कदम दूर गुलाबनगर के रहने वाले सेना के एक अफसर के रिश्तेदार की कार का शीशा तोड़कर लाखों के जेवर चोरी हो गए थे। वह सेलेक्शन प्वाइंट में खरीददारी कर रहे थे। कोतवाली और कुतुबखाना चौकी के बीच सिरौली चेयरमैन ममता पांडेय की कार का शीशा तोड़कर चोर दस लाख के जेवर समेट ले गए।