ऑटोलिफ्टर गिरोह के सदस्य रिंकू को छोड़ने के बाद फजीहत झेल रही क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को उसे गिरफ्तार करके बारादरी थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। रिंकू का एक भाई पुलिस में सिपाही है।
तीन दिन पहले क्राइम ब्रांच ने रिंकू को पकड़कर उसकी निशानदेही पर चोरी की 17 बाइक बरामद की थीं। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने रिंकू के साथी मनोज, हर्ष और आकाश पटेल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भी तीन बाइक बरामद कीं। बाद में क्राइम ब्रांच ने रिंकू को छोड़ दिया और सभी 20 बाइक मनोज, हर्ष तथा आकाश से बरामद दिखाकर उन्हें जेल भेज दिया। क्राइम ब्रांच ने रिंकू को इस मामले में वांछित दिखा दिया। गिरफ्तार ऑटोलिफ्टर मनोज, हर्ष और आकाश ने क्राइम ब्रांच के इस खेल की पोल खोल दी तो अमर उजाला ने इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया। मामला उछलने के बाद जब क्राइम ब्रांच की फजीहत हुई तो उसने आनन-फानन में रिंकू को पकड़कर बारादरी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।