राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय गोपालपुर में इंटर के छात्रों पर जानलेवा हमला करने वाले तीन छात्रों, उनके परिवार सहित अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गयी है। घायल छात्र का जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। गोपालपुर में स्थित विद्यालय में सोमवार की शाम सात बजे खाना वितरण के दो दिन पुराने विवाद पर 11वीं के छात्र के परिवार ने लाठी डंडों से लेस होकर हमला कर दिया था। जिसमें इंटर के छात्र कुलदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। कुलदीप ने पुलिस को बताया था कि दो दिन पहले मेस में खाने की लाइन लगाने के दौरान उसका आरोपी छात्रों से विवाद हुआ था। जिसके बाद सोमवार शाम को आरोपी छात्रों ने अपने पिता रियाज अहमद सहित दस ग्रामीणों को बुला लिया। लाठी डंडो से लेस होकर आए आरोपियों ने इंटर के छात्रों की पिटाई की थी। विद्यालय के स्टाफ ने खुद को कमरों में बंद करके बचाया था। पुलिस ने प्रधानाचार्य मान सिंह की तहरीर पर तीन छात्र, उनके पिता रियाज अहमद सहित जानलेवा हमला की रिपोर्ट दर्ज की। मंगलवार को पुलिस ने पिता रियाज अहमद सहित तीन छात्रों को जेल भेज दिया। इसके अतिरिक्त दो ग्रामीण शहजाद खां निवासी करमपुर थाना इज्जत नगर व नाजिर हुसैन निवासी नगरिया परीक्षित को भी पकड़कर जेल भेजा गया है।