मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी का आपत्तिजनक फोटो व्हाट्सऐप ग्रुप पर डाले जाने से फरीदपुर में सोमवार को हंगामा हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता जुलूस निकालकर कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने जल्द कार्रवाई की मांग की तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया।
मोहल्ला मिर्धान का सलमान बीसलपुर रोड पर जिम चलाता है। उसने गैलेक्सी नाम से व्हाट्सऐप पर एक ग्रुप भी बना रखा है। इसमें करीब 15 लोग जुड़े हैं। बताया जा रहा है कि इस ग्रुप में सोमवार सुबह मुख्यमंत्री का आपत्तिजनक फोटो डाल दिया गया। दोपहर बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को इसकी खबर मिली तो वे भड़क गए। अपराह्न करीब तीन बजे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ जुलूस निकाला और कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने सीओ नीति द्विवेदी से तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। मामले की गंभीरता को देख सीओ ने तत्काल प्रभारी निरीक्षक आरएन चौधरी को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद आकाश शुक्ला की तहरीर पर सलमान के खिलाफ मुकदमा लिखा गया। मुख्यमंत्री से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस हरकत में आ गई। प्रभारी निरीक्षक ने बीलसपुर रोड से शाम को सलमान को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि उसके व्हाट्सऐप पर किसी ने फोटो भेजा था उसने इसे ग्रुप में फारवर्ड कर दिया। सलमान इंटर पास है और काम के सिलसिले में दुबई जाने की तैयारी कर रहा है।
कोट
सलमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे मंगलवार को जेल भेजा जाएगा। सोशल मीडिया पर इस प्रकार की किसी भी पोस्ट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
आरएन चौधरी, प्रभारी निरीक्षक, फरीदपुर
सलमान को सुबह जेल भेजेगी।