डकैतों का सुराग नहीं, चोरों ने मचाया आतंक
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। थाना इज्जतनगर इलाके की सैनिक कॉलोनी गली नंबर एक निवासी समाज कल्याण विभाग के रिटायर स्टेनो सुरेश कुमार शर्मा के घर डकैती करने वाले बदमाशों का पुलिस चौथे दिन भी पता नहीं लगा पाई है। इसी बीच चोरी की तीन घटनाएं हो गईं। चोरों के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है।
मठ लक्ष्मीपुर में साढ़े तीन लाख की चोरी
बरेेली। थाना इज्जतनगर के मठ लक्ष्मीपुर में रहने वाले राम निवास कश्यप के घर में घुसकर चोर डेढ़ लाख रुपये की नकदी समेत साढ़े तीन लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। मामले में पीड़ित ने मुकदमा लिखाने को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक मुकदमा नहीं लिखा है।
मठ लक्ष्मीपुर में रहने वाले राम निवास कश्यप ने बताया कि उसके मकान में काम चल रहा है। इसके लिए वह बैंक से शुक्रवार को ही डेढ़ लाख रुपये निकाल कर लाया था। इसी दिन रात को चोर उनके घर में घुस आए। वह गर्मी की वजह से परिवार के साथ आंगन में सो रहे थे। इसी बीच चोर कमरे में घुसकर अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये की नकदी और आठ तोले सोने-चांदी के चोरी कर ले गए। शनिवार की सुबह करीब छह बजे रामनिवास जागे तो घटना की जानकारी हुई। घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे में हैं। मकान का निर्माण कार्य भी रुक गया है।
फौजी के घर के ताले तोड़कर चोरी
बरेली। इज्जतनगर इलाके के मुंशीनगर में फौजी कमल किशोर के घर के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये का माल समेट ले गए। मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है।
फौजी कमल किशोर का दो मंजिला मकान है। दूसरी मंजिल पर वह खुद रहते हैं। इन दिनों पंजाब में तैनाती होने की वजह से कभी-कभार उनका घर आना होता है। आठ दिसंबर को फौजी ने नीचे के हिस्से में रहने वाले किराएदार से मकान खाली कराकर आगरा के दो लड़कों को रख दिया था। शुक्रवार की रात को फौजी का रिश्तेदार अतुल कुमार मकान पर ही था। इस दौरान आधी रात के बाद चोर फौजी के घर में घुस गए। वह घर के ताले तोड़कर माल समेट रहे थे। इस बीच अतुल ने कंट्रोल रूम को बता दिया। सूचना पर बैरियर वन चौकी इंचार्ज धर्मेेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए। इस पर चोर भाग गए। पुलिस के मुताबिक चोरी में माल कितना गया, इसके बारे में फौजी के आने पर मालूम हो पाएगा।
अधिशासी अभियंता के घर से लाखों का माल साफ
बरेली। थाना इज्जतनगर के आशुतोष सिटी में रहने वाले अधिशासी अभियंता लखीम चंद के घर के ताले तोड़कर चोर हजारों का माल समेट ले गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुलंदशहर के रहने वाले लखीम चंद का पत्नी के साथ आशुतोष सिटी में रहते हैं। नौकरी के सिलसिले में उनका बाहर आना-जाना लगा रहता है। उनकी पत्नी शाहजहांपुर में नौकरी करती हैं। 30 जून की उनकी पत्नी शाहजहांपुर गई थीं। वह भी बाहर गए हुए थे। इस दौरान चोर तोल तोड़कर उनके घर में घुस आए। चोर उनके घर से लाखों रुपये का माल समेट ले गए। अधिशासी अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।