बरेली। थाना बिथरी-चैनपुर के सैदपुर खजुरिया गांव निवासी मोहिउद्दीन के बेटे को विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा देकर पदारथपुर गांव के गुड्डू ने डेढ़ लाख रुपये की ठगी कर ली। एसएसपी ने एसओ से जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्राम सैदपुर खजुरिया के मोहिउद्दीन ने एसएसपी को पत्र देकर बताया कि उसकी पड़ोस के गांव पदारथपुर निवासी गुड्डू से मुलाकात हुई तो कहने लगा, उसके पास एक वीजा आया है। तुम्हारा कोई लड़का हो तो उसे विदेश भेज सकते हो। कम खर्चे में काम हो जाएगा। बहकावे में आकर उन्होंने अपने बेटे अजहरुद्दीन का पासपोर्ट बनवाकर गुड्डू को दे दिया। गुड्डू ने 50 हजार रुपये का इंतजाम करने को कहा। कहने लगा कि रुपये मिलते ही वह वीजा ले आएगा। उसने चालीस हजार का इंतजाम कर गुड्डू को दे दिया। इसके बाद गुड्डू ने उनके बेटे के नाम वीजा दे दिया। इसमें 27 नवंबर 2014 की फ्लाइट लिखी थी। मेडिकल कराने के बहाने अजहरुद्दीन को दिल्ली ले गया। वहां भी मेडिकल के नाम पर दस हजार रुपये ले लिए। फ्लाइट की तारीख पर वह अपने बेटे को लेकर दिल्ली पहुंचे तो गुड्डू कहने लगा कि किसी वजह से वीजा रद्द हो गया। इसके बाद गुड्डू ने कई बार उसे दिल्ली बुलाया और एक लाख रुपये और ले लिए। उसने न तो अब तक उसके बेटे को विदेश भेजा है और न ही डेढ़ लाख रु पये लौटा रहा है। मोहिउद्दीन ने बताया कि वीजा फर्जी था। 15 फरवरी को वह अपनी रकम वापस मांगने उसके घर गया तो वह मारपीट करने पर उतारू हो गया। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए घर से भगा दिया।