राजस्थान के अजमेर शहर के साइबर एक्सपर्ट के निशाने पर अमीर परिवारों की युवतियों और छात्राओं के फेसबुक खाते हैं। शहर की दर्जनों युवतियों के फेसबुक खाते हैक होने के बाद साइबर सेल सक्रिय हुआ है। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने एसपी क्राइम मार्तण्ड प्रकाश को पूरे मामले की खुद निगरानी करने के लिए निर्देश दिए है।
कर्मचारी नगर निवासी एलएलबी की छात्रा की फेसबुक खाता आठ अप्रैल को हैक हुआ था। रिश्तेदारों को अश्लील मैसेज और तस्वीरें जाने के बाद उन्हें पता चला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत करके हैक फेसबुक खाते को ब्लॉक करवाया था। एलएलबी छात्रा की मित्र सूची में किला के फैसल नसीम भी शामिल है। नौ अप्रैल को किला निवासी फैसल नसीम के फेसबुक खाते पर अश्लील मैसेज आए। फैसल नसीम ने मैसेज करके आपत्ति की तो उन्हें धमकी दी गई। एलएलबी छात्रा को अपहरण करने का मैसेज आया। घबराकर फैसल ने खाते का ब्लॉक कर दिया।
हैक करके छात्राओं को करते हैं मजबूर
यह मामला खुलने पर फैसल की फेसबुक में शामिल एक 12वीं की छात्रा ने अपने फेसबुक खाते की हैकिंग के बारे में बताया। फेसबुक खाते के हैकर ने छात्रा की फोटो अश्लील बनाने के बाद उसको ब्लैकमेल करने की कोशिश की थी। उसको अश्लील चैट के लिए मजबूर किया गया था। उसको धमकियां दी गई कि अगर हैकर के कहे अनुसार नहीं किया तो उसकी अश्लील तस्वीर बनाकर फेसबुक टाइम लाइन पर पोस्ट की जाएगी। छात्राओं ने पुलिस के सामने खुलासा किया कि दर्जनों छात्राओं के फेसबुक खाते हैक हुए हैं। उन्हें ब्लैकमेल किया गया है।
स्क्रीन शॉट पुलिस को सौंपे
किला के अनीस की अगुवाई में छात्राओं ने एसएसपी जोगेंद्र कुमार से मुलाकात की। अब एसपी क्राइम मार्तण्ड प्रकाश की निगरानी में साइबर सेल जांच में जुटी है। छात्राओं ने अश्लील मैसेज और तस्वीरों के स्क्रीन शॉट भी बतौर सबूत दिए हैं। दर्जनों छात्राओं के नाम और फेसबुक आईडी के एड्रेस भी दिए गए हैं।
राजस्थानी के तीन युवकों के खातों की जांच शुरू
छात्रा के मुताबिक राजस्थान के अजमेर निवासी तीन युवकों के नाम से फेसबुक खाते से हैकिंग चल रही है। साइबर सेल ने इन खातों की जांच शुरू की है। उन्होंने बताया कि हैकर मित्र सूची में शामिल होने के बाद हु ब हु एक फर्जी फेसबुक खाता बनाते हैं। फिर उस खाते के इनबाक्स में अश्लील बातचीत करते हैं। फिर छात्रा के वास्तविक खाते के इनबाक्स में भेजकर सार्वजनिक करने की धमकी देते हैं। अगर छात्रा दबाव में आ जाए तो उसके वास्तविक तस्वीर मांगी जाती है, ताकि उन्हें अश्लील बनाया जा सके। वीडियो कॉलिंग पर अश्लील वीडियो बनाने का दबाव बनाते हैं। फिर खाते में रुपया जमा करने का दबाव बनाते है। शिकायत में कहा गया कि लड़कियों को गलत काम के लिए भी मजबूर किया जाता है।
मामले की जांच एसपी क्राइम और साइबर सेल को दी है। फेसबुक की मित्रता सूची में सिर्फ उन्हीं लोगों को शामिल किया जाए जिन्हें आप जानते हैं। हैकिंग होने पर साइबर सेल में शिकायत करें।
-जोगेंद्र कुमार, एसएसपी