फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बर्फखाने में किशोर की मौत पर बवाल

Sat, 21 May 2016 01:47 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला बरेली
विज्ञापन
सोहेल का प्रोफाइल फोटो
विज्ञापन
स्टेडियम रोड पर सिटी हार्ट कालोनी स्थित बर्फ फैक्ट्री के कूलिंग पॉन्ड में ग्यारह वर्षीय किशोर की डूबने से मौत होने पर बवाल हो गया। गुस्साए लोगों ने परिजनों के साथ सड़क पर शव रखकर दो घंटे तक शाहदाना चौराहा जाम कर दिया। पुलिस ने भीड़ को लाठियां भांजकर खदेड़ने के बाद रास्ता खुलवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर की कूलिंग पॉन्ड में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है। उधर, पुलिस ने किशोर के भाई की तरफ से फैक्ट्री मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। 
विज्ञापन

थाना बारादरी के हजियापुर के नूर मोहम्मद का 20 वर्षीय बेटा शाहबेज बर्फ बेचने का काम करता है। बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे शाहबेज के साथ उसका 11 वर्षीय भाई सुहेल भी बर्फ फैक्ट्री गया था। शाहबेज बर्फ ठेके पर लादने के बाद फैक्ट्री के गेट पर सुहेल को खड़ा करने के बाद रुपये देने अंदर चला गया। पेमेंट जमा करने के बाद वह गेट पर आया तो सुहेल गायब था। शाहबेज ने घर पर आकर देखा तो सुहेल वहां भी नहीं मिला। इस पर परिवार वालों के साथ उसने सुहेल की तलाश शुरू कर दी। उन्होंने बर्फ फैक्ट्री के मालिक ज्ञान बाबू और कर्मचारी राम अवतार से जानकारी की तो उन्होंने मना कर दिया। शाहबेज का आरोप है कि उन्होंने ज्ञान बाबू से सीसीटीवी दिखाने को कहा तो उन्होंने फुटेज उपलब्ध कराने के इंकार कर दिया। रात करीब सवा बजे राम अवतार ने कूलिंग पॉन्ड में पानी भरते समय फैक्ट्री मालिक को सुहेल के शव उसमें पड़ा होने की जानकारी दी। 
सूचना मिलते ही ज्ञान बाबू घबराकर रात को ही थाने पहुंच गए। उनकी सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रात को ही छानबीन की। सीओ तृतीय एएसपी आकाश तोमर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को टैंक से निकल कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
विज्ञापन

 पोस्टमार्टम होने के बाद सुहेल के शव को परिवार वाले टेंपो से लेकर शाहदाना चौराहे पर पहुंच गए। यहां पहले से ही भीड़ मौजूद थी। सुहेल की मौत से गुस्सा भीड़ ने परिवार वालों से साथ शाहदाना चौराहा जाम लगा दिया। परिवार वालों का कहना था कि सुहेल की हत्या करके शव को कूलिंग पॉन्ड में डाल दिया गया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाए। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कमरुल हसन फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की तो कोई सुनने को तैयार नहीं हुआ। भीड़ का रुख देखकर आसपास के थानों की फोर्स बुला ली गई। करीब दो घंटे सड़क जाम करने के बाद भी भीड़ में शामिल लोगों ने अफसरों की नहीं सुनी तो पुलिस कर्मियों ने लोगों पर लाठियां भांजकर खदेड़ दिया। इसके बाद भीड़ ईंट पजाया चौराहे पर बवाल करने लगी। वहां से भी पुलिस ने भीड़ को भगाया। अधिकारियों के मुकदमा लिखने के आश्वासन पर भीड़ शांत होकर शव को ले गई। रात को किशोर के शव को कड़े पहरे में सुपुर्दे खाक कर दिया।

हंगामे की तो सुबह से ही तैयारी थी
बर्फ खाने की कूलिंग पॉन्ड में सुहेल की लाश मिलने के बाद से ही उसके परिवार में आक्रोश था। बृहस्पतिवार की रात को उन्होंने फैक्ट्री में विरोध जता दिया था। शुक्रवार की सुबह पुलिस के सामने ही सुहेल के परिवार वालों ने फैक्ट्री मालिक और चौकीदार राम अवतार पर कि शोर की हत्या करने का आरोप लगा दिया था। लेकिन पुलिस उनकी बात को हल्के में लेती रही। शाम को सुहेल के परिवार वालों को लगा कि पुलिस उनके मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है तो विरोध सड़क तक आ गया। 

जाम में सैकड़ों लोग फंसे रहे
-शाहदाना चौराहा जाम लगने के बाद रास्ते में सैकड़ों लोग वाहनों में फंस गए। जाम तमाम वाहन चालकों को रास्ता बदलकर जाना पड़ा। शहामतगंज की गलियां भी जाम हो गईं। स्टेडियम रोड से आने वाले बड़े वाहनों को पीछे सौ फिटा होकर चौकी चौराहे की तरफ आना पड़ा। इसी तरह से इधर से जाने वाले वाहनों को भी जाम की वजह से पीलीभीत बाईपास से इज्जतनगर की तरह जाना पड़ा। 
 
कबूतर पकड़ने के लिए तो नहीं चढ़ा था सुहेल
बर्फ फैक्ट्री के कूलिंग पॉन्ड की दीवार पर कबूतर अक्सर पानी पीने के लिए आकर बैठ जाते हैं। सुहेल कबूतरों पालने का शौकीन है। कहीं ऐसा तो नहीं कि वह कबूतर पकड़ने के लिए कूलिंग पॉन्ड की तरफ गया था। पुलिस इसकी छानबीन करने में लगी है। जिस कूलिंग पॉन्ड में सुहेल की लाश मिली है, उसकी दीवार पर काई जमी है। इसलिए दीवार पर चढ़ने के बाद कोई भी फिसलकर 14 फिट गहरे कूलिंग पॉन्ड में गिर सकता है।  
 
चार भाइयों में सबसे छोटा था सुहेल
नूर मोहम्मद के चार बेटों में सुहेल सबसे छोटा था। सुहेल की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां का इतना बुरा है कि परिवार की महिलाओं को संभालना मुश्किल हो रहा है। भाईयों ने गायब होने के बाद सुहेल को तमाम रिश्तेदारियों में तलाशा। इसलिए पूरी रात कोई सो नहीं पाए। सुबह सुहेल की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद हत्या की आशंका का मुकदमा दर्ज हुआ। 

-सुहेल की मौत तो डूबने से होने की पुष्टि हुई है। मामले में मुकदमा तो पहले ही लिख लिया गया था। उस समय उनके परिवार वालों के हत्या की आशंका जताई थी। अब सुहेल के परिवार वालों ने नाम दे दिए हैं। उनका नाम विवेचना में शामिल कर लिया जाएगा- आकाश तोमर, एएसपी
विज्ञापन

        
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें