शास्त्रीनगर मार्केट की मनिहारिन गली में रविवार शाम जूतों के शोरूम में आग से खासा हड़कंप मचा। दमकल को मौके पर पहुंचने में आधा घंटा लग गया जिससे बड़ा नुकसान हो गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
मॉडल टाउन निवासी नवीन कुमार रविवार अपराह्न करीब तीन बजे शोरूम बंद कर निकले थे। सवा घंटे बाद ही उनके पास कॉल आई कि शोरूम से धुआं निकल रहा है। नवीन घबराए हुए मौके पर पहुंचे। इससे पहले दवा व्यवसायी सतीश चंद्र सेठी आदि स्थानीय व्यापारी फायरब्रिगेड को सूचना दे चुके थे। व्यापारियों ने खुद भी आग बुझाने की कोशिश की पर सफल न हो सके। इस बीच आसपास की दुकानों के शटर आग की आशंका से बंद हो गए तो राहगीरों में भगदड़ मच गई। करीब आधा घंटे बाद पहुंची दमकल को तंग रास्ते में घुसने में दिक्कत हुई। जैसे-तैसे पाइप लगाकर पानी की तेज बौछार करके आग पर काबू पा लिया गया। आग से सभी तरह के जूते-चप्पल पूरी तरह नष्ट हो गए। पीड़ित व्यवसायी ने बताया कि करीब बीस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
आग से सामान राख
बरेली। बिथरी चैनपुर क्षेत्र के नरियावल में वाहनपुर निवासी जावेद की जरी की बड़ी दुकान है। दो दिन से दुकान बंद थी। रविवार तड़के पांच बजे बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। जावेद की सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। जावेद के मुताबिक, अस्सी फीसदी माल जल गया है।