बरेली। जंक्शन रोड पर शुक्रवार को दुकान लगाने को लेकर हुए विवाद का थाने में समझौता होने के दौरान अड़ंगा लगाने पर टिप्पणी करने के बाद शनिवार को दूसरे दिन फिर माहौल गरमा गया। दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए और हंगामा होने लगा। दोनों पक्षों की तरफ से जमकर नारेबाजी हुई। इस दौरान शिव सेना नेता ने दूसरे समुदाय पर दलित साथी के साथ के मारपीट करके जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करके गाली देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया और जंक्शन रोड किनारे की दुकानें बंद करा दीं। माहौल खराब होता देख भारी मात्रा में फोर्स पहुंच गई। सीओ के आश्वासन पर दुकानें खोल दी गईं। एहतियातन मौके पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। मामले में देर रात को कोतवाली पुलिस ने एक पक्ष की तरफ से सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
शहर के जंक्शन रोड पुलिस चौकी के पास मुस्तफा नगर निवासी राम चंद्र काउंटर लगाकर चाय और समोसे बेचता है। शुक्रवार को इसी मोहल्ले में रहने वाले राम के दोस्त इमरान ने इसी स्थान पर अपना काउंटर लगाया था। इसी को लेकर दोनों में मारपीट हो गई और मामले को सांप्रदायिक रूप देने की कोशिश की गई। चाय विक्रेता राम की तरफ से शिवसेना समेत कई हिंदू संगठनों के लोग थाने पहुंचे थे। वहीं इमरान ने अपनी तरफ से कई लोग आए और समझौता होने के बाद मामला रफादफा हो गया था। शनिवार को जंक्शन रोड स्थित वाजपेयी स्वीट्स हाउस पर बैठे शकूर ने दुकान स्वामी सोनू वाजपेयी से कहा कि दुकान लगाने के विवाद में होने वाले समझौते में डब्बू नाम के व्यक्ति ने अड़ंगा डाला था, इसलिए वह उसे अपनी दुकान पर न बैठाए। इतनी बात सोनू ने डब्बू से कह दी। जिस पर डब्बू शिवसेना नेता पंकज पाठक के पास पहुंच गया और पंकज पाठक काफी संख्या में लोगों को लेकर दोपहर के समय जंक्शन रोड पहुंच गया। जिससे हंगामा होने लगा। इसी बीच डब्बू को जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए जंक्शन रोड की दर्जन भर दुकानें बंद करा दी गईं। जिससे माहौल और ज्यादा खराब होने लगा। तभी सीओ सिटी प्रथम, सीओ द्वितीय समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। सीओ सिटी ने तहरीर देने पर शिवसेना नेता को कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब दुकानें खोल लीं गईं। फिलहाल एहतियात की तौर पर मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
0
सीमा विवाद में उलझी कार्रवाई
कार्रवाई को लेकर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। एसओ सुभाषनगर सतीश यादव ने साफ कह कि घटना स्थल कोतवाली क्षेत्र का है, अगर फिर भी कोई लिखित शिकायत करेगा तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस बारे में कोतवाली पुलिस चुप्पी साधे रही। जंक्शन रोड चौकी के सामने बवाल होने के बाद भी कोतवाली पुलिस ने इस मामले को सिर्फ हल्के में लेकर कोई कार्रवाई नहीं की।
0
शहर भर में उड़ती रही दंगे की अफवाह
जंक्शन रोड पर दो समुदाय के बीच हुए हंगामे की सूचना पूरे शहर में आग की तरह फैल गई। चारों तरफ से लोग संपर्क कर एक दूसरे से पूछते रहे कि शायद सुभाषनगर में कोई दंगा हुआ है। दोपहर से देर रात तक लोग एक दूसरे से यही बात पूछते रहे।
0
यह है मामला
जंक्शन रोड पुलिस चौकी के पास सुभाषनगर क्षेत्र के मुस्तफानगर निवासी राम चंद्र काउंटर लगाकर चाय और समोसे बेचता है। शुक्रवार को इसी मोहल्ले में के ही राम के दोस्त इमरान ने इसी स्थान पर अपना काउंटर लगाया। इसी को लेकर दोनों में मारपीट हो गई और मामले को सांप्रदायिक रूप देने की कोशिश की गई। चाय विक्रेता राम की तरफ से शिवसेना समेत कई हिंदू संगठनों के लोग थाने पहुंचे थे। वहीं इमरान ने अपनी तरफ से कई लोग आए और समझौता होने के बाद मामला रफादफा हो गया था।