पंचायत चुनाव की रंजिश में हाफिजगंज इलाके के गांव औरंगाबाद निवासी रंजीत के चेहरे पर विरोधियों ने तेजाब से हमला कर दिया। तेजाब गिरने से रंजीत का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। परिजनों ने उन्हें बरेली में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में पुलिस ने गांव के ही कुंवरसेन, गुड्डू और एक अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हाफिजगंज इलाके के गांव औरंगाबाद निवासी रंजीत ने बताया कि वह क्षेत्र पंचायत चुनाव लड़े थे। गांव का ही कुंवरसेन भी चुनाव लड़ा था। हालांकि गांव रसूला के सेवाराम की जीत हुई थी। चुनाव के बाद कुंवरसेन रंजीत से रंजिश मानने लगा। कुंवरसेन के अनुसार, अगर रंजीत चुनाव नहीं लड़ता तो उसकी जीत हो जाती।
शुक्रवार शाम रंजीत खेत से घर लौट रहे थे तभी रास्ते में कुंवर सेन, गुड्डू और एक अन्य व्यक्ति घात लगाए बैठे थे। रंजीत उनके पास पहुंचे तभी उन्होंने रंजीत के चेहरे पर तेजाब फेंककर भाग गए।
चेहरे पर तेजाब गिरने से रंजीत बुरी तरह झुलस गए और जमीन पर गिरकर चिल्लाने लगे। शोर सुनकर वहां पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। परिजनों ने उन्हें बरेली में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने कुंवर सेन, गुड्डू और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।