बरेली। बैंक ऑफ इंडिया न्यू बरेली शारदा महानगर शाखा में रिटायर पुलिस इंस्पेक्टर राकेश चंद्र शर्मा के लॉकर से लाखों के गहने चोरी हो गए। उन्होंने मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है, लेकिन अब तक गहनों के बैग के बारे में कुछ पता नहीं लगा है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उसी से चोरी का राज खुलने की उम्मीद है।
थाना इज्जतनगर में 251, उत्सव मार्ट, महानगर निवासी रिटायर इंस्पेक्टर राकेश चंद्र शर्मा ने बताया कि उनका बैंक में लॉकर संख्या 147 है। इसमें उनका गहनों से भरा बैग के अलावा तमाम कीमती चीजें रखी हुई हैं। 29 जनवरी को वह अपनी पत्नी के साथ बैंक गए थे। लॉकर से वह कुछ जरूरी कागजात लेकर घर लौट गए। छह फरवरी को वह फिर से बैंक गए और लॉकर देखा तो उनका सोने और चांदी के जेवर से भरा बैग गायब है। उन्होंने बैंक के सभी कर्मचारियों के जानकारी की, लेकिन किसी से कुछ पता नहीं लग पाया। एसओ सतेंद्र यादव ने बताया कि मामले की छानबीन कराई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज निकालवा कर मामले चोरी करने वाले का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।
बैग में रखे सामान की सूची दी
रिटायर इंस्पेक्टर ने पुलिस को बैंक लॉकर में रखे बैग के गहनों की सूची सौंप दी है। बैग में चार सोने की कढ़े, दो सोने के छोटे कढ़े, ब्रेसलैट जेंट्स, ब्रेसलैट लेडीज, एक पैंडिल सोने का सेट, एक गले का हार, दो सोने की चेन, नौ अंगूठी, दस नाक के फूल, चांदी के सिक्के और मंगलसूत्र आदि बताया जा रहा है।