परिवहन विभाग की सर्वे रिपोर्ट में बड़ा बाईपास को यों ही खतरनाक नहीं बताया गया है। इस पर शुक्रवार को किशनपुर के पास ट्रक बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहा युवक घायल हो गया जबकि बाइक के पीछे बैठे उसके पिता की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इज्जतनगर इलाके के कलॉरी के रहने वाले 30 वर्षीय करामत अली की ससुराल बिथरी के गांव उड़ला जागीर में है। शुक्रवार को करामत बाइक से अपनी ससुराल जा रहा था। बाइक के पीछे उसके पिता 60 वर्षीय लियाकत अली बैठे थे। बड़ा बाईपास पर किशनपुर के पास पीछे से आए ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर पीछे बैठे लियाकत अली ट्रक के पहिये के नीचे आ गए और बाइक सवार करामत दूर जा गिरा। चालक तेजी से ट्रक भगा कर ले गया। लियाकत की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल करामत को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बिथरीचैनपुर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। इसलिए उसका नंबर नहीं पता चल पाया है।