फरीदपुर। शुक्रवार रात बदमाशों ने जेढ़ सब्दलपुर गांव के पगलानंद आश्रम में महंत समेत साधुओं को कब्जे में लेकर 65 हजार की नगदी और पांच मोबाइल लूट लिए। साधुओं के साथ कोतवाली आए ग्रामीणों ने रोष जताया। पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इस आश्रम में कई साधु रहते हैं। शुक्रवार रात करीब बारह बजे पांच बदमाश तमंचे लेकर आश्रम में घुस गए। उन्होंने महंत पगलानंद समेत अन्य साधुओं को कब्जे में लेकर धमकाया। एक बदमाश ने कहा कि आश्रम बनवाने के लिये जो रुपये रखे हैं, वह दे दो वरना जान से मार देंगे। बताते हैं कि बाबा पगलानंद ने आश्रम में रखे पैंसठ हजार रुपये बदमाशों को दे दिए। तब बदमाशों ने बाबा पगलानंद बाबा के दो मोबाइल, साधु अमर गिरि, शिवस्वरुप, सुरेशानंद से एक एक मोबाइल लूट लिया। करीब एक घंटा आश्रम में रुके बदमाश साधुओं को धमकी देकर फरार हो गए। सुबह साधुओं ने ग्राम प्रधान सुदर्शन और ग्रामीणों को जानकारी दी तो उनमें रोष फैल गया। ग्रामीण एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे। यहां बाबा पगलानंद ने अज्ञात बदमाशों पर रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने मौका मुआयना करके कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। साधुओं के मुताबिक सभी बदमाशों की उम्र 25 साल के आसपास की थी। पुलिस को शक है कि बदमाश आसपास के ही होंगे, जिन्हें आश्रम में निर्माण के लिए रुपये रखे होने की जानकारी थी।
पुलिस चौकी के पीछे शिक्षक के घर में चोरी
नगदी, जेवर समेत लाखों का माल समेटा, सीओ ने किया मुआयना
आंवला। मोहल्ला विलायतगंज में शुक्रवार रात पुलिस चौकी के पीछे एक शिक्षक के बंद घर में लाखों की चोरी कर ली गई। सुबह चोरी का पता लगा तो वह सन्न रह गए। सीओ ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।
किशनलाल रामकुमार हायर सेकेंड्री स्कूल के प्रधानाचार्य अतुल कुमार शर्मा शुक्रवार को मकर संक्रांति पर परिवार सहित अपने गुरू के यहां अनूप शहर गये थे। उनके घर में ताला लगा था। शनिवार सुबह जब अतुल वापस लौटे तो देखा कि गेट पर ताला तो लगा है पर उसका कुंडा टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। अलमारी का ताला टूटा हुआ था। हर कमरे में सामान खंगाला गया था। अतुल के मुताबिक 85 हजार रुपये और ढाई लाख के जेवर सहित सिलेंडर भी गायब था। चोरी का पता लगते ही आसपास के तमाम लोग उनके घर आ गए। मौके पर पहुंचे व्यापारी नेता सुनील गुप्ता ने तुरंत पुलिस को फोन किया। सीओ कुशलपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर घर का हाल देखा। उन्होंने शीघ्र ही खुलासा करने का आश्वासन दिया। वहीं उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय संगठन मंत्री सुनील गुप्ता ने कहा कि चोरों के हौसले बुलंद हैं। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। रात्रि गश्त केवल कागजों में चल रही है।
पुलिस व बदमाशों के बीच फायरिंग
बरसेर। थाना सिरौली की चौकी नवाबपुरा क्षेत्र में बरा थानपुर के पास शुक्रवार रात बदमाशों और पुलिस के बीच फायरिंग हुई, मौका पाकर बदमाश भागने में सफल रहे। रविवार रात सिरौली पुलिस को बरा थानपुर के पास बदमाश होने की जानकारी मिली। एसओ गजेंद्र त्यागी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश में जुट गए। एसओ ने बताया कि हरदासपुर खुर्द मार्ग बराथानपुर के पास एक झाड़ी में खड़बड़ाहट हुई। पुलिस के पहुंचते ही बदमाशों ने पुलिस पर दूर से एक फायर झोंक दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। जब तक पुलिस आगे बढ़ी, बदमाश दूर निकल चुके थे। पुलिस ने काफी देर तक जंगल में कांबिंग की तथा बराथानपुर गांव में दबिश दी पर बदमाशों का कहीं पता न चल सका।