बरेली। रिटायर्ड फौजी के घर में चोरी करने वाले पड़ोसी को पुलिस ने शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक चोरी का सामान भी बरामद कर लिया। आरोपी को पकड़ने के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर गुडवर्क दिखा दिया।
बारादरी क्षेत्र के चक महमूद निवासी फईम ने शुक्रवार देर रात घर में कुछ खटपट होने की आवाज होने पर भांजे अलीम को मुआयना करने लिए भेजा। फईम के मुताबिक अलीम ने कमरे की लाइट जलाकर देखा तो पड़ोसी अरमान छत कूदकर भागता नजर आया। कमरे की तलाशी ली तो मां के पर्स और करीब दस हजार रुपये गायब मिले। पर्स में माता पिता के सेना के आईडी कार्ड समेत अन्य जरूरी कागजात भी थे। फईम के पिता रिटायर्ड फौजी थे। फईम ने थाने में अरमान के खिलाफ चोरी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस के मुताबिक उन्होंने शनिवार देर रात चेकिंग के दौरान अरमान को शाहदाना चौराहे से पकड़ लिया। छानबीन में उनके पास से चोरी किए गए दस हजार रुपयों में से सात हजार बरामद हो गए। बाकी आईडी व अन्य जरू री कागजात के बारे में पूछने पर अरमान ने बताया कि उन्हें कब्रिस्तान में फेंक दिया। उसके साथ वहां जाकर पुलिस ने सारे आईडी कार्ड बरामद कर लिए। साथ ही पुलिस ने उसके पास से कारतूस समेत एक 12 बोर का तमंचा भी बरामद किया।