कहीं वर्दी वाला कोई गुंडा बनकर उत्पात मचा रहा है तो कहीं गुंडा वर्दी की आड़ में लोगों को धमका रहा है। शेरगढ़ के दरोगा प्रदीप कुमार के वसूली गैंग चलाने के मामले के खुलासे के अगले ही दिन एक गुंडे के दरोगा बनकर मठ लक्ष्मीपुर में टेंट कारोबारी के गोदाम पर दबिश देने का मामला सामने आया है।
दिलचस्प यह है कि गुंडे ने इस दौरान फोन पर टेंट कारोबारी को उनके कर्मचारियों को पकड़कर ले जाने की धमकी देते हुए उन्हें छुड़ाने के लिए कर्मचारी नगर पुलिस चौकी पर आने को कहा। कारोबारी ने पुलिस अफसरों से शिकायत की है। गुंडे से उनकी बातचीत का ऑडियो भी वायरल हो गया है।
भूड़ में रहने वाले विजय कुमार उर्फ बब्बल सक्सेना मठ लक्ष्मीपुर की बीडीए कॉलोनी में नौ साल से एक मकान में किरायेदार है। उसी मकान से टेंट कारोबार भी करते हैं। मकान मालकिन पूनम श्रीवास्तव से उनका सिविल जज जूनियर डिवीजन में मुकदमा चल रहा है। विजय कुमार के मुताबिक 30 जनवरी की रात उनके गोदाम पर कुछ लोग खुद को पुलिस वाला बताकर घुस आए।
खुद को दरोगा बताते हुए एक बदमाश ने उन्हें फोन किया कि वह उनके नौकरों को पकड़कर ले जा रहा हो, उन्हें छुड़ाना हो तो कर्मचारीनगर पुलिस चौकी आ जाना। बाद में पता चला कि खुद को दरोगा बताने वाला इलाके का ही एक बदमाश है। उसने उनके नौकरों के साथ मारपीट भी की। कुछ कीमती सामान कब्जे में कर लिया। एक असलहाधारी गोदाम पर रातभर बैठा रहा। एसएसपी कार्यालय में पेश होकर कारोबारी ने बताया कि उन्हें और उनके परिवार को बदमाशों से खतरा है।
वायरल ऑडियो
फर्जी दरोगा : हां.. बब्बल भाई बताओ।
कारोबारी : कौन बोल रहा है।
फर्जी दरोगा : ये बताओ ये मकान क्यों नहीं खाली कर रहे हो।
कारोबारी : इसका मुकदमा 2015 से कोर्ट में मुकदमा चल रहा है।
फर्जी दरोगा : कागज लेकर चौकी आ जाओ, फिलहाल नौकरों को चौकी ले जा रहे हैं..
कारोबारी : दिन में आएंगे..
फर्जी दरोगा : तो दिन में इनको चौकी से ले जाना..
कारोबारी : मर्जी है आपकी..
फर्जी दरोगा : तुम्हें ये मालूम होना चाहिए कि दो बार हम दबिश दे चुके है, चुपचाप यहां खड़े होकर निकल जाते हो..
कारोबारी : नाम क्या है आपका..
फर्जी दरोगा : नाम जानना है तो चौकी पर आ जाओ।
कारोबारी : मैं ऊपर फोन करता हूं न, मुझे बताओ। आप एसआई होंगे।
फर्जी दरोगा : हम कोई हो.. तुम जानते हो हमको।
कारोबारी के घर में घुसने वाले बदमाशों को ट्रेस कराने के बाद सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस वाला बनकर धमकी देना गंभीर अपराध है।
- मुनिराज जी. एसएसपी बरेली