कॉलेज और कोचिंग के रास्ते में फब्तियां कसने का विरोध करने पर शोहदों ने छात्रा के घर में घुसकर उससे छेड़छाड़ की। परिजन बचाने आए तो उनके साथ मारपीट की। एक शोहदे ने छात्रा की मां पर गोली चला दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गई। छात्रा सोमवार सुबह शिकायत पत्र लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची। मामले में एसएसपी ने रिपोर्ट के आदेश दिए हैं।
बारादरी क्षेत्र निवासी युवती एमबीए की छात्रा है और जागरण पार्टी में भी काम करती है। छात्रा का आरोप है कि माधोबाड़ी निवासी कुछ शोहदों कालेज जाते वक्त उसका पीछा करते हैं और फब्तियां कसते हैं। उसके पिता ने इसकी शिकायत शोहदों के परिजनों से की तो 18 नवंबर को शोहदों ने घर पर धावा बोल दिया। उससे छेड़छाड़ की। मां और भाभी बचाने आईं तो उन्हें भी पीटा। एक शोहदे ने तमंचे से मां पर गोली चला दी। जिससे वह बाल बाल बचीं। बाद में शोहदे धमकी देते हुए भाग निकले। घटना से उसका परिवार दहशत में है।