सुभाषनगर निवासी महिला से शोहदा कहता था कि एक बार अपनी बेटी से मिलवा दो। बेटी को भी परेशान करता था। इस पर मां-बेटी ने प्लान बनाकर उसे मिलने के बहाने बटलर प्लाजा में बुलाया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
सुभाषनगर क्षेत्र निवासी महिला की बेटी सातवीं में पढ़ती है। नेकपुर निवासी शोहदा कई दिनों से फोन करके उसकी बेटी को परेशान करता था। जब मां उठाती तो उनसे कहता था कि एक बार अपनी बेटी से मिलवा दो। इसके बाद मां-बेटी ने उसे सबक सिखाने के लिए बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे बटलर प्लाजा बुलाया। इसकी सूचना पुलिस को भी दे दी। जैसे ही शोहदा बटलर प्लाजा पहुंचा, मां-बेटी ने उसे दबोच लिया और फिर जमकर धुनाई की। उसने भागने की कोशिश की, मगर आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद शोहदे को कोतवाली ले जाया गया लेकिन मोहल्ले का ही मामला होने के चलते मां-बेटी ने तहरीर नहीं दी तो पुलिस ने उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।