बरेली। मॉडल टाउन में फंदे पर लटकी मिली हिमांशी की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग बताया गया है। हिमांशी के पिता ने गला दबाकर उसकी हत्या की आशंका जताते हुए पति और सास-ससुर के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर पति का कहना है कि हिमांशी घर की पुरानी नौकरानी से चिढ़ती थी। शनिवार को वह उसके बर्थ डे पर चली आई थी, इससे नाराज होकर हिमांशी ने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
बदायूं निवासी हिमांशी की शादी पिछले साल चार मार्च को मॉडल टाउन में रहने वाले फिनायल कारोबारी अभिमन्यु सूरी से हुई थी। हिमांशी के पिता मदनलाल धींगरा की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि शुक्रवार दोपहर अभिमन्यु का फोन आया था कि हिमांशी को आकर ले जाओ। इसके बाद शाम चार बजे हिमांशी ने अपनी छोटी बहन को फोन करके कहा, अब उसकी कोई कॉल नहीं आएगी, उसे बहुत टॉर्चर किया जा रहा है। इसके बाद शनिवार को अभिमन्यु का फोन पहुंचा कि हिमांशी की मौत हो गई है। उन्होंने गला दबाकर हत्या का आरोप लगाते हुए पति अभिमन्यु सूरी, ससुर अशोक सूरी और सास नीना सूरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि पोस्टमार्टम में हिमांशी की मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। पुलिस ने अभिमन्यु को हिरासत में ले लिया है। अभिमन्यु ने बताया कि शुक्रवार को उसका जन्मदिन था और घर में धार्मिक आयोजन था। एक पूर्व नौकरानी के घर पर आने का हिमांशी विरोध करती थी। शुक्रवार को हिमांशी के विरोध के बावजूद वह घर आ गई। इससे हिमांशी नाराज थी और उसने खुदकुशी कर ली।