बरेली/अलीगंज। खैलम में पुलिस की सख्त कार्रवाई को लेकर माहौल गरम है। पुलिस एवं प्रशासन ने करीब 750 लोगों पर गुंडा एक्ट से लेकर मुचलका पाबंद करने तक की कार्रवाई की है। इसको लेकर विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल की एसडीएम आंवला विशु राजा से फोन पर तीखी तकरार हो गई। एसडीएम ने कहा है कि विहिप नेता की इस अभद्रता की वह डीएम को रिपोर्ट देंगे। तनाव भरे इसी माहौल में खैलम से करीब 200 कांवड़िये सोमवार को जल लेने रवाना होंगे।
पिछले साल सावन के दौरान अलीगंज के गांव खैलम में कांवड़ियों के निकलने पर बवाल हो गया था। इस बार कोई विवाद न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। विवाद की आशंका के चलते गांव में करीब 750 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। शनिवार को डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह और एसएसपी मुनिराज जी. ने गांव का भ्रमण किया था। थाना दिवस होने के चलते आईजी डीके ठाकुर भी अलीगंज थाने में मौजूद रहे। मगर पुलिस की निरोधात्मक कार्रवाई को लेकर एक पक्ष में ज्यादा रोष है। पिछले दिनों इसको लेकर एसडीएम आंवला को ज्ञापन सौंपा गया था और अब उनसे तीखी बहस का मामला सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल ने एसडीएम आंवला को फोन करके कार्रवाई पर नाराजगी जताई और एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया। एसडीएम का आरोप है कि राहुल ने उनके साथ अभद्र भाषा में बातचीत की और काफी भलाबुरा कहा।
निरोधात्मक कार्रवाई
मुचलका पाबंद 107/116 - 441
रेड कार्ड - 250
बंधपत्र जमानती 116(3) - 30
गुंडा एक्ट : 24
मिनी गुंडा एक्ट : 33
विहिप के पदाधिकारी राहुल का फोन आया था। उनका बातचीत करने का तरीका अच्छा नहीं था। उन्होंने मेरे साथ काफी अभद्र लहजे में बात की लेकिन मैंने मामले को तूल नहीं दिया। मैं इस मामले की शिकायत डीएम से करूंगा। - विशु राजा, एसडीएम आंवला
खैलम में प्रशासन ने एकपक्षीय कार्रवाई की है। पुलिस-प्रशासन लोगों की आवाज को दबाना चाहता है। इसके चलते ही मनमाने तरीके से निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। - राहुल गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष विहिप
खोदी गई सड़क को संवारकर रवाना किए जाएंगे कांवड़िए
अलीगंज। खैलम में जिस मार्ग से कांवड़िया रवाना होंगे, उसे निर्माण कराने के लिए उसे खोदकर डाल दिया गया था। कांवड़ियों की सहूलियत के लिए तहसील प्रशासन ने यहां मिट्टी डलवाई। मगर बारिश होने के चलते यहां दलदल हो गई है। इसके चलते एसडीएम आंवला ने गांव में भ्रमण करके वहां ईंट भट्ठा से निकलने वाली मिट्टी डालने को कहा है।
खैलम से रवाना होने वाले कांवड़ियों की बुधवार को वापसी होगी। ये लोग खैलम गांव में मंदिर पर रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद बृहस्पतिवार को यह कांवड़िया शिवरात्रि के अवसर पर गुलड़िया गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। गांव में निगरानी के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा पीएसी के साथ ही पुलिस एवं पैरामिलेट्री फोर्स भी लगाई गई है। गांव में कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने की जिम्मेदारी एसपी क्राइम रमेश भारतीय को दी गई है। एसडीएम विशु राजा ने बताया कि बारिश के बाद वहां दलदल हो गई है। इसके चलते ईंट भट्ठा से निकलने वाले मिट्टी डालने के निर्देश दिए हैं ताकि कांविड़यों को परेशानी न हो।
एसडीएम ने अभद्रता का प्रकरण मुझे नहीं बताया है। खैलम समेत पूरे जिले में शांतिपूर्ण कांवड़यात्रा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। कहीं कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी। - मुनिराज जी., एसएसपी
खैलम में सांप्रदायिक तनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। वहां शांति भंग करने वालों को बड़ी संख्या में मुचलका पाबंद किया गया है। कांवड़ यात्रा उसी रूट से गुजरेगी, जिस रूट से पहले निकली थी। गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - रामसेवक द्विवेदी, एडीएम प्रशासन