प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक शिक्षिका की फर्जी फेसबुक (एफबी) आईडी तैयार करके अश्लील पोस्ट डाल दी गईं। शिक्षिका के एक रिश्तेदार के जरिए जब उन्हें फर्जी अश्लील फेसबुक आईडी के बारे में पता चला तो परिवार के लोग एसएसपी जोगेंद्र कुमार से मिले। एसएसपी ने प्रेमनगर थाने में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करवाने के बाद साइबर सेल को आईडी ब्लॉक करने के निर्देश दिए हैं।
एक राजनीतिक पार्टी के प्रवक्ता की भाभी निजी स्कूल में पढ़ाती हैं। उन्होंने सोशल साइट एफबी पर अपना अकाउंट बनाया हुआ है। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले उनके एक रिश्तेदार का फोन आया कि क्या उन्होंने दूसरी आईडी भी फेसबुक पर बनाई है। रिश्तेदार ने उन्हें एक लिंक भी भेजा, जोकि नेहा खान नाम से था। उन्होंने नेहा खान की आईडी जांची तो वह चौंक गईं क्योंकि आईडी पर उनकी तस्वीर थी, जिन पर अश्लील पोस्ट की जा रही थीं। कई अश्लील पेज को भी लाइक किया गया था। बुधवार को शिक्षिका का परिवार एसएसपी कार्यालय पहुंचा और अपनी शिकायत दर्ज करवाई थी। एसएसपी के निर्देश पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।