बरेली। एक व्यापारी की पत्नी रोज झगड़ा करने के साथ ही आत्महत्या की बात कहकर उसे डराती है। सहमा व्यापारी अपने संगठन के नेताओं के साथ एसपी सिटी से मिला और पत्नी की हरकतों के बारे में बताया। कहा कि किसी दिन वो कुछ कर गुजरेगी और वह बिना बात फंस जाएगा। एसपी सिटी ने जांच के आदेश दिए हैं।
उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना, राजकुमार राजपूत आदि के साथ इज्जतनगर क्षेत्र निवासी व्यापारी मुनीश कुमार ने सोमवार दोपहर एसपी सिटी से मुलाकात की। बताया कि चार साल पहले शादी हुई थी। पंद्रह दिन बाद ही पत्नी झगड़ा करके घर से चली गई। उसके और उसकी मां के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस कर दिया। पिछले साल कोर्ट ने दोनों को साथ रहने का आदेश दिया तो वह पत्नी को ले आए। जनवरी में बेटी का भी जन्म हुआ। बताया कि पत्नी ने एक सुसाइड लेकर लिखकर रख लिया है। कहती है कि कुछ उल्टा करके उसे और उसकी मां को फंसाएगी। सारा जेवर गिरवी रख दिया है। उसका ब्याज वो भर रहा है। चार मई को ब्याज देने जाते वक्त रुपये कम पड़ने पर वो उसे फंसाने के लिए बेटी के साथ चलती स्कूटी से कूद गई। ये सारा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया है। उसने घर में भी सीसीटीवी लगवा दिए हैं। इसमें भी उसकी मां के साथ अभद्रता की फुटेज कैद है। व्यापारी ने पत्नी का मोबाइल चेक कराने की भी मांग की ताकि यह पता किया जा सके कि वो पूरे दिन किससे बात करती है। एसपी सिटी ने आश्वासन दिया कि वे आरोपों की जांच कराएंगे। दोषी मिलने पर महिला के खिलाफ भी कार्रवाई करेंगे।